रायगढ़ शहर के विकास के लिए जरूरी अधोसंरचना कार्यों को लगातार दी जा रही प्राथमिकता-वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी

रायगढ़, 27 अगस्त 2026/sns/- वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि रायगढ़ शहर के विकास के लिए जरूरी अधोसंरचना कार्यों को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है। विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करना शासन की प्राथमिकता है। वित्तमंत्री श्री चौधरी ने बुधवार को रायगढ़ शहर के वार्ड क्रमांक 34 नवापारा में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आरसीसी नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि नवापारा में नाली निर्माण से क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था और बेहतर होगी तथा नागरिकों को सुविधा मिलेगी।
ऑक्सीजोन के पीछे स्थित पुराने नाले के संधारण एवं निर्माण से शुरू होने वाला यह कार्य तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में 14.48 लाख रुपये की लागत से मनोज के घर से मनबोध के घर तक पुराने नाले का संधारण एवं निर्माण किया जाएगा। दूसरे चरण में 47.79 लाख रुपये की लागत से मनोज के घर से एनएच स्थित पुल तक नाला निर्माण होगा। तीसरे चरण में वार्ड क्रमांक 33 में बाबूलाल के घर से चंदगीराम कोल्ड स्टोरेज तक 16.90 लाख रुपये की लागत से नाला एवं पुलिया निर्माण किया जाएगा। इस प्रकार तीनों चरणों में कुल 79.17 लाख रुपये की लागत से नाली एवं पुलिया निर्माण कार्य कराया जाएगा। कार्य पूर्ण होने से क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और नागरिकों को आवागमन में भी सुविधा होगी। इस अवसर पर नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, श्री उमेश अग्रवाल, श्री सुरेश गोयल, पार्षदगण, अन्य जनप्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

About The Author