अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के उपलक्ष्य में 01 से 15 सितम्बर तक जिले में साक्षरता पखवाड़ा का होगा आयोजन

अम्बिकापुर, 31 अगस्त 2026/sns/-  कलेक्टर श्री अजीत वसंत के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव के नेतृत्व में राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायपुर के निर्देशानुसार उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायपुर के तत्वावधान में 08 सितम्बर 2026 को अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस एवं 01 सितम्बर से 15 सितम्बर 2026 तक साक्षरता पखवाड़ा का आयोजन किया जाना है।

जिला शिक्षा अधिकारी डाॅ. दिनेश कुमार झा ने  बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत पूरे देश में उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य जन-जन को साक्षर बनाना है। इसी क्रम में भारत सरकार शिक्षा मंत्रालय द्वारा 8 सितम्बर अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के उपलक्ष्य में 1-15 सितम्बर 2026 तक पूरे प्रदेश में साक्षरता पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक उम्र के वयस्कों को सशक्त बनाना है, जिन्होंने स्कूली शिक्षा प्राप्त नहीं किया है। देशव्यापी साक्षरता पखवाड़ा एवं अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस समारोह में विकासखण्ड की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु समस्त विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों एवं प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है।

साक्षरता पखवाड़ा के अंतर्गत 01 सितम्बर को उल्लास साक्षरता पखवाड़ा का शुभारंभ एवं उल्लास शपथ का आयोजन किया जाएगा। 02 सितम्बर को कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के माध्यम से निरक्षर दादा-दादी, नाना-नानी या माता-पिता को सिर्फ 15 मिनट बैठकर अखबार की सुर्खियाँ या बुनियादी अक्षर पढ़ना-लिखना सिखाया जाना है। 03 सितम्बर को उल्लास मोबाईल एप के माध्यम से उल्लास पोर्टल में असाक्षरों का शत प्रतिशत पंजीयन, 04 सितम्बर को विद्यालय स्तर पर साक्षरता संगोष्ठी एवं अंगूठे से कलम की ओर अभियान, 05 सितम्बर शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और समाजसेवी का सम्मान, 06 सितम्बर को साक्षरता चौपाल एवं विभिन्न गतिविधियों का आयेाजन। 07 सितम्बर को सबके लिए शिक्षा विषय पर केन्द्रित चर्चा, वाद-विवाद, गीत, नृत्य, पेटिंग, चित्रकला, मेहन्दी इत्यादि का आयोजन एवं 08 सितम्बर को जिला मुख्यालय में सुपोषित, शिक्षित एंव समृद्ध सरगुजा से संबंधित जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

जिला परियोजना अधिकारी श्री गिरीश गुप्ता ने बताया कि 09 सितम्बर से 15 सितम्बर तक नवाचारी शिक्षकों द्वारा उल्लास के शिक्षार्थियों की सीखने-सिखाने के लिए मनोरंजक टीएलएम का प्रदर्शन, सामाजिक चेतना केन्द्रों में पुस्तक वाचन, रेडियो जिंगल, लघु फिल्म का प्रदर्शन, व्यावसायिक डिजिटल साक्षरता, उल्लास मेले का आयोजन, हिन्दी दिवस पर कार्यशाला का आयोजन एवं 15 सितम्बर को समापन दिवस के अवसर पर साक्षरता पखवाड़ा के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवी शिक्षकों, ग्राम प्रभारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

About The Author