मुंगेली में खेल प्रतिभाओं का महासंगम, 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

मुंगेली, 31 अगस्त 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मुंगेली में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साहपूर्ण एवं खेलमय वातावरण में हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे बालक-बालिकाओं ने अपनी खेल प्रतिभा, रणनीति और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शतरंज एवं नेटबाल के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें 14 वर्ष, 17 वर्ष एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 270 बालक-बालिकाएं हिस्सा ले रहे हैं। प्रदेश के बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, सरगुजा एवं बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया गया।
प्रतियोगिता में बिलासपुर संभाग से मुंगेली सहित बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ एवं गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही; रायपुर संभाग से बलौदाबाजार-भाटापारा, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद एवं रायपुर; दुर्ग संभाग से बेमेतरा, दुर्ग, कबीरधाम, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर, बालोद; सरगुजा संभाग से बलरामपुर-रामानुजगंज, जशपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर एवं सरगुजा तथा बस्तर संभाग से बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, सुकमा एवं बस्तर के खिलाड़ी शामिल हुए हैं।
राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ प्रदेश के अन्य जिलों के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा और अनुभव साझा करने का अवसर प्रदान कर रही है। शतरंज में खिलाड़ी अपनी बौद्धिक क्षमता, एकाग्रता और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं नेटबाल के मैदान में खिलाड़ियों की फुर्ती, टीम भावना और खेल कौशल देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, जिला शिक्षा अधिकारी श्री एल.पी. डाहिरे, जिला अध्यक्ष श्री दीनानाथ केशरवानी, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री जयप्रकाश मिश्रा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author