जिले को मिली 04 नए धान खरीदी केंद्रों की सौगात
मुंगेली, 01 सितंबर 2026/sns/- समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले जिले के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। किसानों की सुविधा और धान खरीदी व्यवस्था को और अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से जिले में चार नए धान खरीदी केंद्रों की सौगात मिली है। लोरमी क्षेत्र के झझपुरी, पथर्रा, डोंगरीगढ़ और जाकड़बांधा में नए धान खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। इन नए केंद्रों के शुरू होने से किसानों को अब समर्थन मूल्य पर अपना धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे समय, परिवहन खर्च और मेहनत की बचत होगी तथा किसानों को अपने गांव और आसपास ही धान बेचने की सुविधा मिल सकेगी।
चार नए केंद्रों के जुड़ने से जिले में धान खरीदी केंद्रों की संख्या 105 से बढ़कर 109 हो गई है। इससे धान खरीदी व्यवस्था और अधिक विकेंद्रीकृत एवं किसान हितैषी होगी। नए खरीदी केंद्रों की स्थापना से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को विशेष लाभ मिलेगा। उन्हें धान लेकर दूर स्थित खरीदी केंद्रों तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी। स्थानीय स्तर पर केंद्र उपलब्ध होने से धान बिक्री में सुविधा, समय की बचत और परिवहन संबंधी परेशानियों में कमी आएगी।