नेतानार में हर घर जल योजना को मिली रफ्तार
सुकमा, 01 सितम्बर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में जिले में हर घर जल योजना को प्रभावी रूप से संचालित करते हुए ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने का अभियान निरंतर जारी है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत नेतानार में घर-घर पहुंच रहे पेयजल की गुणवत्ता की जांच की गई। टीम ने विभिन्न स्थानों से पानी के नमूने लेकर निर्धारित मानकों के अनुरूप परीक्षण किया और ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल के उपयोग एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
पेयजल गुणवत्ता जांच अभियान में जिला समन्वयक अभिषेक मिंज एवं दुर्गेश साहू सहित लैब टेक्नीशियन एवं केमिस्ट मनेश साहू शामिल रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि प्रत्येक घर तक नल से पानी पहुंचाना ही योजना का अंतिम उद्देश्य नहीं है, बल्कि पेयजल को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों को पानी ढककर रखने, टंकियों एवं भंडारण पात्रों की नियमित सफाई करने तथा जल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी गई। साथ ही आवश्यकता होने पर पानी को उबालकर अथवा गर्म कर सुरक्षित रूप से ठंडा करने के बाद पीने की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को ग्रीष्मकाल एवं वर्षाकाल में जल संरक्षण के उपायों से भी अवगत कराया गया। वर्षा के दौरान जल स्रोतों को दूषित होने से बचाने, वर्षा जल का संरक्षण करने तथा अनावश्यक पानी की बर्बादी रोकने की अपील की गई। कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में हर घर जल योजना के माध्यम से जिले में सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ जल संरक्षण, स्वच्छता और जन-जागरूकता को भी निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है।