स्वच्छता की दिशा में रायगढ़ की बड़ी पहल 2,495 ग्रामीण परिवारों के घरों में बनेंगे

रायगढ़, सितम्बर 2026/ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता सुविधाओं के विस्तार तथा प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित एवं सम्मानजनक शौचालय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में रायगढ़ जिले ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री अभिजीत बबन पठारे के मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत जिले के 2,495 पात्र ग्रामीण परिवारों के घरों में व्यक्तिगत घरेलू शौचालय (आईएचएचएल) निर्माण के लिए 299.40 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
योजना के तहत जनपद पंचायत तमनार के 394, खरसिया के 357, घरघोड़ा के 45, पुसौर के 748 तथा धरमजयगढ़ के 951 परिवारों को व्यक्तिगत घरेलू शौचालय निर्माण का लाभ मिलेगा। इस प्रकार जिले के कुल 2,495 पात्र परिवारों को योजना से लाभान्वित किया जाएगा। इससे ग्रामीण परिवारों को घर पर ही सुरक्षित एवं स्वच्छ शौचालय की सुविधा उपलब्ध होगी तथा खुले में शौच की प्रवृत्ति को समाप्त करने के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।
स्वीकृत हितग्राहियों के घरों में शौचालय निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराया जाएगा। निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात शौचालयों की जियो-टैगिंग एवं आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सत्यापन उपरांत नियमानुसार पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा।
कलेक्टर ने जिले में स्वच्छता संबंधी योजनाओं के प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया है। वहीं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत द्वारा संबंधित जनपद पंचायतों को स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने, पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वच्छता से स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन की ओर
यह पहल केवल शौचालय निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण परिवारों के स्वास्थ्य, स्वच्छता, गरिमा एवं जीवन की गुणवत्ता में सकारात्मक परिवर्तन लाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। घर-घर शौचालय सुविधा उपलब्ध होने से महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को विशेष रूप से सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।
जिले के 2,495 परिवारों को शौचालय सुविधा मिलने से स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्रामों के निर्माण को नई गति मिलेगी। साथ ही स्वच्छ, सुंदर एवं ओडीएफ प्लस रायगढ़ के लक्ष्य की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। जिला प्रशासन का संकल्प है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए तथा स्वच्छता को ग्रामीण जीवन का स्थायी और अभिन्न हिस्सा बनाया जाए।

About The Author