सेजेस पावारास के छात्रों का राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में चयन, बस्तर संभाग का करेंगे प्रतिनिधित्व
सुकमा, 24 अक्टुबर 2026/sns/- स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय (सेजेस) पावारास के विद्यार्थियों ने एक बार फिर खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देने वाले इस विद्यालय के कई छात्रों का चयन राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 के लिए हुआ है। विभिन्न खेल विधाओं में चयनित ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में राज्य स्तर पर बस्तर संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस वर्ष तायक्वांडो में अरविन्द नाग, अंडर-19 क्रिकेट बालक वर्ग में तनूज जायसवाल, अर्पित जायसवाल व सक्षम राय, अंडर-17 फुटबॉल में अवधेश कुमार धुर्वे तथा अंडर-19 फुटबॉल बालक वर्ग में प्रान्जल नायक का चयन हुआ है। पिछले पाँच वर्षों से विद्यालय के छात्र शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ विज्ञान प्रदर्शनी, क्विज, ओलंपिक खेलकूद, कराटे व अन्य स्पर्धाओं में राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जिले को गौरवान्वित करते आ रहे हैं।
विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि में विद्यालय के पीटीआई श्री शुभम लवंग के कुशल प्रशिक्षण व सहयोग तथा प्राचार्य के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कलेक्टर श्री अमित कुमार, प्राचार्या श्रीमती टी. डी. दास एवं समस्त शाला परिवार ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके राष्ट्रीय स्तर पर चयन के लिए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।