जिले में 1 से 15 सितंबर तक मनाया जा रहा है साक्षरता पखवाड़ा
कवर्धा, 07 सितंबर 2026/sns/- जिले में 1 से 15 सितंबर तक अंतरराष्ट्रीय साक्षरता पखवाड़े के तहत शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है साथ ही विभिन्न जागरुकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। कलेक्टर एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती तुलिका प्रजापति ने निर्धारित कैलेंडर के अनुसार गतिविधियों के आयोजन हेतु आवश्यक निर्देश दिए हैं साथ ही साथ असाक्षरों के सर्वे कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं ताकि कोई भी असाक्षर उल्लास महापरीक्षा से वंचित न रह जाए।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री अभिषेक अग्रवाल के दिशा निर्देश में उक्त कार्यक्रमों के आयोजन हेतु जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ आर वर्मा के द्वारा शालाओं को पत्र जारी किया गया है । छत्तीसगढ़ शासन, स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार जिले में उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। सबके लिए शिक्षा पर केंद्रित इस अभियान का उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे वयस्कों को शिक्षा से जोड़ना है, जो स्कूली शिक्षा से वंचित रह गए हैं। अभियान के माध्यम से उन्हें पढ़ने-लिखने के साथ व्यावहारिक और डिजिटल जानकारी देकर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
पखवाड़े के अंतर्गत जिले के शासकीय कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों और शहरी वार्डों में उल्लास शपथ एवं नारा लेखन के साथ साथ 15 वर्ष से अधिक आयु के असाक्षरों और स्वयंसेवी शिक्षकों की पहचान के लिए घर-घर सर्वे किया किया जा रहा है इस प्रक्रिया में चिन्हित शिक्षार्थियों और स्वयंसेवी शिक्षकों का उल्लास मोबाइल ऐप से डिजिटल पंजीयन भी कराया जा रहा है ।
साक्षरता पखवारा के मध्य 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के दिन रानी दुर्गावती चैक स्थित सेजेस स्कूल में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा शत प्रतिशत साक्षरता के लक्ष्य को हासिल करने के लिए शपथ दिलाई। इसी प्रकार पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने नवोदय विद्यालय प्रांगण में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में यह शपथ दिलाई।
जिला परियोजना अधिकारी श्री देवराज सिंह ने बताया कि जिले में अब तक कुल 46032 असाक्षरों को इस मूल्यांकन परीक्षा में बिठाया जा चुका है तथा निरंतर सर्वे का कार्य जारी है वर्तमान में कुल 639 नवीन पंजीयन प्राप्त हुए हैं जिन्हें आगामी 27 सितंबर को होने वाली उल्लास महा परीक्षा में शामिल कराया जाएगा साथ ही सर्वे के माध्यम से और जो भी पंजीयन होगा उन्हें भी शामिल कराया जाएगा। उल्लास नवभारत साक्षरता अभियान के अंतर्गत जिले एवं राज्य को शत प्रतिशत साक्षर बनाने का लक्ष्य है इसी दिशा में यह अभियान चलाया जा रहा है।