सामान्य सभा में गूंजे जनहित के मुद्दे
मुंगेली, 10 सितंबर 2026/sns/- विगत दिवस को जिला पंचायत मुंगेली के सभा कक्ष में जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पांडेय ने की।
बैठक में पिछली सामान्य सभा में लिए गए निर्णयों एवं उन पर की गई कार्यवाही के पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही 16वें वित्त आयोग के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अनुशंसित कार्यों के अनुमोदन सहित विभिन्न विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों द्वारा विभागवार संचालित योजनाओं की स्वीकृति, प्रगति एवं लंबित कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ ही उनका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी मिल सके और वे समय पर उसका लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और आमजन की सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की कोताही न हो तथा लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित विकास एवं जनहित के विभिन्न विषयों को प्रमुखता से रखा। संबंधित विभागों के अधिकारियों से इन विषयों पर जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती शांति देवचरण भास्कर, जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष श्री राम कमल सिंह परिहार सहित जिला पंचायत सदस्यगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।