ग्राम झाफल निवासी कृष्णचंद राजपूत के पक्का मकान का सपना हुआ सकार

मुंगेली, 10 सितम्बर 2026 /sns/- कभी मिट्टी की दीवारों और खपरैल की छत के नीचे परिवार के साथ जिंदगी गुजारने वाले विकासखण्ड लोरमी के ग्राम झाफल निवासी कृष्णचंद राजपूत के लिए पक्का मकान बनाना सपना हो गया था। सीमित आमदनी के चलते वे चाहकर भी अपने परिवार के लिए सुरक्षित और मजबूत घर नहीं बना पा रहे थे। ऐसे में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण उनके जीवन में उम्मीद की नई किरण बनकर आई। शासन की सहायता और अपनी मेहनत से राजपूत ने अपने सपने को हकीकत में बदला और आज उनका परिवार पक्की छत के नीचे सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्राम झाफल निवासी राजपूत ने बताया कि योजना का लाभ मिलने से पहले वे अपने परिवार के साथ मिट्टी से बने कच्चे मकान में खपरैल की छत के नीचे रहते थे। वे बरसात के मौसम में धान की खेती करते हैं और वर्ष के बाकी समय मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। सीमित आय के कारण उनके लिए पक्का मकान बनाना संभव नहीं हो पा रहा था। आवास स्वीकृत होने के बाद कृष्णचंद राजपूत ने शासन से प्राप्त सहायता राशि के साथ अपनी बचत का उपयोग कर मकान का निर्माण शुरू किया। लगातार प्रयास के बाद उनका सुंदर और मजबूत पक्का मकान बनकर तैयार हो गया। आज कृष्णचंद राजपूत का परिवार बारिश, गर्मी और अन्य मौसम की परेशानियों से काफी हद तक सुरक्षित है। कृष्णचंद के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान बनाने की योजना नहीं, बल्कि परिवार के सुरक्षित और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव साबित हुई है।

About The Author