युवाओं को नशे से बचाने प्रशासन सख्त, अवैध तंबाकू कारोबार पर कसा शिकंजा
सुकमा, 11 सितम्बर 2026/sns/-अवैध तंबाकू उत्पादों की बिक्री और सार्वजनिक स्थलों पर इनके सेवन के खिलाफ जिला प्रशासन एवं पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक कार्रवाई की है। युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे की गिरफ्त से दूर रखने के उद्देश्य से शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी एवं जांच अभियान चलाया गया। सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा एक्ट) के उल्लंघन पर की गई इस कार्रवाई से अवैध तंबाकू विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर के मार्गदर्शन में बुधवार को जिला मुख्यालय सुकमा के शैक्षणिक संस्थानों के आसपास कोटपा एक्ट के तहत सघन जांच अभियान चलाया गया। तहसीलदार श्री गिरीश निंबालकर के नेतृत्व में पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने कुम्हाररास और आसपास के दुकानों और ठेलों की जांच की। कार्रवाई के दौरान कुल 50 प्रकरणों में चालानी कार्रवाई की गई, जिसमें 49 लोगों पर 100-100 रुपये तथा एक व्यक्ति पर 200 रुपये का चालान किया गया। वहीं, 6 दुकानों का जब्तीनामा तैयार कर करीब 25 हजार रुपये मूल्य के तंबाकू उत्पाद जब्त किए गए।
प्रशासन-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई का असर व्यापक रूप से देखने को मिला। अकेले सुकमा थाना क्षेत्र में कोटपा एक्ट के तहत दर्ज 50 मामलों में 5,100 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। टीम ने दुकानदारों एवं आम नागरिकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री एवं सेवन से संबंधित नियमों का कड़ाई से पालन करें। विशेष रूप से स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए ऐसे क्षेत्रों में निगरानी और कार्रवाई को प्राथमिकता दी जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि युवाओं के स्वस्थ भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। अवैध तंबाकू बिक्री पर कार्रवाई केवल कानून के पालन तक सीमित नहीं, बल्कि जिले की नई पीढ़ी को नशे से सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करें और नियमों का पालन करें। साथ ही, अवैध तंबाकू कारोबार एवं सार्वजनिक स्थानों पर नियमों के उल्लंघन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।