विश्वकर्मा समाज सृष्टि के सच्चे शिल्पी, छत्तीसगढ़ पर भगवान विश्वकर्मा की विशेष कृपा: सांसद बृजमोहन अग्रवाल

विश्वकर्मा समाज सृष्टि के सच्चे शिल्पी, छत्तीसगढ़ पर भगवान विश्वकर्मा की विशेष कृपा: सांसद बृजमोहन अग्रवाल*

पांच दिवसीय विश्वकर्मा जयंती महोत्सव के दूसरे दिन शामिल हुए रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल

बचपन की यादें साझा करते हुए कहा— रामसागरपारा और बढ़ईपारा के हुनरमंदों ने हमेशा गढ़े हैं निर्माण के नए कीर्तिमान

भिलाई के स्टील से चंद्रयान और हवाई जहाज तक बन रहे, पीएम मोदी की ‘विश्वकर्मा योजना’ से पारंपरिक हुनर को मिला नया पंख

रायपुर 14 सितंबर

रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल मंगलवार को शहीद स्मारक भवन श्री विश्वकर्मा समाज द्वारा विश्वकर्मा जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित पांच दिवसीय समारोह के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

उन्होंने पूरे विश्वकर्मा समाज और उपस्थित जनसमूह को विश्वकर्मा जयंती की बधाई दी और समाज के योगदान को सृष्टि के निर्माण की असली रीढ़ बताया।

अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए सांसद अग्रवाल ने कहा, “रामसागरपारा और बढ़ईपारा दोनों अलग नहीं हैं। हम बचपन के दौर से विश्वकर्मा समाज की कलाकारी और हुनर को देख रहे हैं। उस दौर में जब बैलगाड़ियां चलती थीं, तो सुबह 4 बजे से ही लकड़ी आनी शुरू हो जाती थी। बैलगाड़ी और उसके पहियों के निर्माण का काम हमारा यही विश्वकर्मा समाज करता था और यहाँ से बने पहिए पूरे छत्तीसगढ़ में जाते थे। जिस परिवार में एक शिल्पकार या कलाकार होता है, उसके छोटे बच्चे भी सहज ही वह हुनर सीख जाते हैं और पूरा परिवार शिल्प साधना में जुट जाता है।”

उन्होंने आगे कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने इसी जमीनी हुनर की कद्र करते हुए ‘पीएम विश्वकर्मा योजना’ शुरू की, ताकि हमारे लोहार, बढ़ई, स्वर्णकार और अन्य पारंपरिक शिल्पकारों को आधुनिक संबल और पहचान मिल सके।
छत्तीसगढ़ की खनिज और औद्योगिक शक्ति का उल्लेख करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा, “भगवान विश्वकर्मा ने पूरी सृष्टि की रचना की और आज उनके वंशज इस निर्माण परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। अब देश में रॉकेट और चंद्रयान बन रहे हैं। हमारे भिलाई स्टील प्लांट से निकली लोहे की चादरों से चंद्रयान, हवाई जहाज और रेलवे की पटरियां बन रही हैं। छत्तीसगढ़ पर भगवान विश्वकर्मा का विशेष आशीर्वाद है कि यहाँ लोहा, बॉक्साइट, एल्युमिनियम, पत्थर, बिजली, निकल और टिन सब मौजूद है। अब तो सोलर और मोबाइल बैटरी में काम आने वाला लिथियम भी हमारे कोरबा में मिल चुका है।”

उन्होंने कहा कि जिस निर्माण की नींव में भगवान विश्वकर्मा की पूजा और आशीर्वाद होता है, वह निर्माण सदैव अटूट और मजबूत रहता है। सांसद अग्रवाल ने भव्य आयोजन के लिए आयोजकों का आभार जताते हुए सभी प्रदेशवासियों की समृद्धि और उन्नति की कामना की।

कार्यक्रम में विधायक श्री सुनील सोनी,
छत्तीसगढ़ लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रफुल्ल विश्वकर्मा, छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम अध्यक्षश्री लोकेश कावड़िया, समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

About The Author