चिरायु योजना से 04 वर्षीय देविका को मिला नया जीवन, सफल हुई हृदय सर्जरी
मुंगेली, 09 सितम्बर 2026/sns/-राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु योजना) बच्चों के स्वास्थ्य की समय पर पहचान और उपचार के माध्यम से परिवारों के लिए उम्मीद की किरण बन रहा है। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिले में चिरायु योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि योजना के तहत पथरिया विकासखंड के ग्राम देवरी निवासी 04 वर्षीय मासूम कु. देविका वर्मा के जन्मजात हृदय रोग की पहचान समय रहते हुई और आवश्यक उपचार के बाद उसकी सफल हृदय सर्जरी कराई गई। वर्तमान में देविका पूर्णतः स्वस्थ है और अपने परिवार के साथ स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ रही है।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. गिरीश कुर्रे ने बताया कि विकासखंड पथरिया की चिरायु टीम ‘अ’ द्वारा स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा था। इसी दौरान ग्राम देवरी के आंगनबाड़ी केन्द्र में 04 वर्षीय देविका के स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान जन्मजात हृदय रोग की आशंका सामने आई। चिरायु टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्ची के परिजनों से संपर्क किया और उसे आवश्यक जांच के लिए जिला चिकित्सालय मुंगेली ले जाया गया। जिला चिकित्सालय में आवश्यक जांच के बाद बच्ची को चिरायु वाहन के माध्यम से रायपुर स्थित श्री सत्य साईं अस्पताल रेफर किया गया। वहां हृदय रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विस्तृत जांच एवं इको टेस्ट किया गया। बच्ची का वजन कम होने के कारण चिकित्सकों ने कुछ समय बाद फॉलोअप की सलाह दी। बच्ची की स्वास्थ्य स्थिति, परिजनों की चिंता तथा उपचार में प्रतीक्षा को देखते हुए उसे शासन द्वारा अनुबंधित वेंकटेश अस्पताल, रायपुर में भर्ती कराया गया।
रायपुर के निजी अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा प्रक्रिया के बाद आयुष्मान भारत योजना के तहत देविका की सफल हृदय सर्जरी की गई। उपचार के बाद बच्ची के स्वास्थ्य में सुधार हुआ और वर्तमान में वह पूर्णतः स्वस्थ है। देविका के स्वस्थ होने से उसके परिवार में खुशी का माहौल है। बच्ची के माता-पिता ने स्वास्थ्य विभाग, चिरायु टीम एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर स्वास्थ्य परीक्षण, मार्गदर्शन और उपचार की सुविधा मिलने से उनकी बेटी को बेहतर स्वास्थ्य मिला। इस सफलता में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित लाल, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक पथरिया श्री निमिष मिश्रा, जिला सलाहकार डॉ. अखिलेश कुमार बंजारे तथा चिरायु टीम ‘अ’ की डॉ. ज्योति पाण्डेय (ए.एम.ओ.), डॉ. शैलेन्द्र बासंती (ए.एम.ओ.), श्री बेदप्रकाश बंजारा (फार्मासिस्ट), श्रीमती दीपा साहू (लैब टेक्निशियन) एवं श्रीमती सोनम चेलक (एएनएम) शामिल रहे।