सैनिक स्कूल अम्बिकापुर में हिंदी काव्य पाठ प्रतियोगिता का आयोजन

अम्बिकापुर, 16 सितम्बर 2026/sns/-   सैनिक स्कूल अम्बिकापुर में हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत हिंदी काव्य पाठ प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। प्रतियोगिता में कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग के कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी काव्य-पाठ प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में कैडेट्स के साथ-साथ सैनिक स्कूल के शिक्षकों एवं सदस्यों ने भी सहभागिता की। शिक्षक वर्ग की प्रतियोगिता में श्री रविंद्र तिवारी ने प्रथम स्थान तथा श्री सौरभ कुमार जैन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कनिष्ठ वर्ग में कैडेट स्मित भारते ने प्रथम तथा कैडेट आदित्य पांडेय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। हाउस प्रतियोगिता में अरिहंत हाउस ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं वरिष्ठ वर्ग में कैडेट शिवम सिंह ठाकुर ने प्रथम तथा कैडेट आयुष श्रीवास ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग की हाउस प्रतियोगिता में कटारी हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका
प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं प्रभावी मूल्यांकन के लिए तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल का गठन किया गया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन उच्चारण, स्वर, लय, भावाभिव्यक्ति, कंठस्थ प्रस्तुति एवं मंचीय प्रभाव जैसे विभिन्न मानदंडों के आधार पर किया।
निर्णायक मंडल के प्रमुख सदस्यों में श्री रंजीत सारथी शामिल रहे। कार्यक्रम के प्रभारी श्री आनंद कुमार त्रिपाठी ने प्रतियोगिता के आयोजन एवं संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन में कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में सहभागिता की।
कार्यक्रम में उपप्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल श्री डॉ. पी. श्रीनिवास ने हिंदी भाषा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कैडेट्स एवं विद्यालय के सदस्यों को हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।
इसके उपरांत उपप्राचार्य प्रशासनिक अधिकारी स्क्वाड्रन लीडर जेम्स नायर ने सभी प्रतिभागियों एवं विजेताओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की साहित्यिक गतिविधियाँ कैडेट्स में भाषायी दक्षता, आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं मंचीय अभिव्यक्ति का विकास करती हैं तथा हिंदी भाषा के प्रति रुचि और सम्मान को बढ़ावा देती हैं।
प्रतियोगिता के माध्यम से कैडेट्स ने हिंदी कविता की समृद्ध परंपरा, राष्ट्रप्रेम, वीरता एवं विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक विषयों को अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम ने विद्यालय परिसर में हिंदी भाषा के प्रति रुचि, सम्मान एवं दैनिक जीवन में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

About The Author