उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने गौसेवकों एवं अधिकारियों की ली बैठक
कवर्धा, 16 सितंबर 2026/sns/- उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कबीरधाम जिले में गौधन की सुरक्षा, समुचित देखभाल तथा संरक्षण एवं संवर्धन के उपायों को लेकर जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, गौसेवकों एवं पशुपालकों की बैठक ली। बैठक में जिले में गौधन के संरक्षण एवं उनकी देखभाल से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने अधिकारियों को जिले में गौधन की समुचित देखभाल एवं रखरखाव के लिए पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को ग्राम सरेखा में गौशाला निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल का चयन करने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जिले के अन्य प्रमुख मार्गों पर दुर्घटना अथवा किसी अन्य आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और स्थिति को सामान्य करने के लिए क्रेन, जेसीबी मशीन सहित आवश्यक संसाधनों की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने कहा।
उप मुख्यमंत्री ने गुजरात राज्य में गौधन की देखभाल एवं पशुधन प्रबंधन के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि वहां की अच्छी व्यवस्थाओं का अवलोकन कर कबीरधाम जिले में भी उपयोगी व्यवस्थाओं को लागू करने की दिशा में कार्य किया जाना चाहिए। उन्होंने पशुधन की समुचित देखभाल एवं रखरखाव की व्यवस्था का अवलोकन करने के इच्छुक गौसेवकों एवं गौ रक्षकों को गुजरात भ्रमण कराने की बात भी कही।
श्री शर्मा ने पशु चिकित्सा विभाग के उप संचालक को गौधन के समुचित उपचार के लिए पर्याप्त मात्रा में दवाइयां एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में आवश्यकता के अनुसार पशु चिकित्सकों तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की नियुक्ति एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा, ताकि बीमार एवं घायल पशुओं को समय पर उपचार मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों एवं पशुपालकों से कहा कि जिले में गौधन की सुरक्षा एवं समुचित देखभाल के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गौसेवकों एवं पशुपालकों के साथ बैठक आयोजित कर स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप ठोस रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री नरेंद्र पैकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गौसेवक एवं पशुपालकगण उपस्थित थे।