टपकती छत से मिली मुक्ति, पीएम आवास ने लौटाई परिवार की खुशियां
सुकमा, 16 सितम्बर 2026/sns/-जनपद पंचायत सुकमा की ग्राम पंचायत कोयाबेकुर निवासी श्री पोडियामी मुया के परिवार के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण उम्मीद और बदलाव की नई कहानी लेकर आई है। वर्षों तक कच्ची झोपड़ी में रहने वाले परिवार ने बरसात में टपकती छत, भीगते सामान और असुरक्षित परिस्थितियों के बीच मुश्किलें झेलीं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का मकान उनके लिए महज एक सपना था, लेकिन शासन की आवासीय योजना से यह सपना अब हकीकत बन चुका है।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पक्का आवास स्वीकृत होने के बाद परिवार के जीवन में कई सकारात्मक बदलाव आए। आवास निर्माण में मनरेगा की मजदूरी से सहयोग मिला, वहीं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के माध्यम से शौचालय और विद्युत कनेक्शन से घर में रोशनी की सुविधा उपलब्ध हुई। आज पक्के घर में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहे श्री पोडियामी मुया कहते हैं, “जिस पक्के घर का सपना वर्षों से देखा था, वह आज मेरे परिवार की हकीकत बन चुका है। यह घर हमारे लिए सिर्फ छत नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का आधार है।”
श्री पोडियामी मुया ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय तथा जिला प्रशासन सुकमा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ जब जरूरतमंद परिवारों तक जमीनी स्तर पर पहुंचता है, तो उसका असर सीधे परिवार के जीवन में दिखाई देता है। पोडियामी मुया की यह कहानी कच्ची झोपड़ी से पक्के आशियाने तक के उस बदलाव की मिसाल है, जहां सरकारी योजनाएं किसी परिवार के लिए सिर्फ सहायता नहीं, बल्कि सम्मान और सुरक्षित भविष्य की नई शुरुआत बन जाती हैं।