हुनर का प्रमाणपत्र, नई जिंदगी की शुरुआत

सुकमा, 16 सितम्बर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशानुसार ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) सुकमा में सब्जी की खेती एवं नर्सरी प्रबंधन का 12 दिवसीय प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले 30 आत्मसमर्पित नक्सली पुनर्वासित प्रशिक्षार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सुकमा शाखा के प्रबंधक श्री सुशांत वर्मा ने प्रशिक्षार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। प्रशिक्षण 26 अगस्त से 6 सितंबर 2026 तक आयोजित किया गया था।
प्रमाणपत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान श्री सुशांत वर्मा ने प्रशिक्षार्थियों से प्रशिक्षण में सीखी कृषि तकनीकों, पौधों की विभिन्न नस्लों और ग्राफ्टिंग प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि कृषि कौशल को आजीविका का आधार बनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ना समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का महत्वपूर्ण कदम है। प्रशिक्षण एसबीआई के एलडीएम श्री मनीष कुमार कुसरो के नेतृत्व में मास्टर ट्रेनर श्री राकेश साहू द्वारा दिया गया तथा फैकल्टी श्री खुशाल चन्द्र केशरवानी और श्री नागराज मधुसूदन की भी भूमिका रही।
प्रमाणपत्र प्राप्त करने के बाद प्रशिक्षार्थियों में खासा उत्साह नजर आया। राजू सोड़ी, पोडियम हरीश और पोडियम राजे ने बताया कि आरसेटी के प्रशिक्षण से उनके कृषि कौशल में काफी वृद्धि हुई है और अब वे गांव लौटकर खेती के माध्यम से नई शुरुआत करना चाहते हैं। सभी प्रशिक्षार्थियों ने प्रशिक्षण में सीखे हुनर को अपनी आजीविका का आधार बनाकर आत्मनिर्भर बनने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का संकल्प व्यक्त किया।

About The Author