प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी की प्रगति पर नगर निगम आयुक्त श्री विनय कुमार अग्रवाल ने ली समीक्षा बैठक
अम्बिकापुर, 17 सितम्बर 2026/sns/- प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U) 1.0 की प्रगति को लेकर नगर पालिक निगम अंबिकापुर में आयुक्त श्री विनय कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति, निर्माणाधीन आवासों तथा लंबित प्रकरणों पर समीक्षा की गई। इस दौरान बताया गया कि नगर पालिक निगम अंबिकापुर में PMAY-U 1.0 के अंतर्गत कुल 5170 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 4405 आवास पूर्ण हो चुके हैं तथा 328 आवास निर्माणाधीन हैं। शेष 437 हितग्राहियों के आरआरसी प्रकरणों में रिकवरी की कार्रवाई की जा रही है, जिसके लिए संबंधित प्रकरण तहसील कार्यालय को भेजे जा चुके हैं। शासन के निर्देशानुसार PMAY-U 1.0 के अंतर्गत सभी स्वीकृत आवासों का निर्माण 25 सितंबर 2026 तक पूर्ण किया जाना है। साथ ही हितग्राहियों को देय भुगतान से संबंधित समस्त प्रक्रिया 30 सितंबर 2026 तक पूर्ण की जानी है। निर्धारित समय-सीमा के बाद योजना अंतर्गत हितग्राहियों को भुगतान नहीं किया जाएगा।
आयुक्त श्री अग्रवाल ने निर्माणाधीन आवासों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को हितग्राहियों से सतत संपर्क बनाए रखने तथा आवास निर्माण में आ रही समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने कहा। साथ ही हितग्राहियों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ।
उन्होंने आवास निर्माण की नियमित मॉनिटरिंग एवं स्थल निरीक्षण करते हुए लंबित कार्यों की निरंतर समीक्षा करने तथा निर्धारित लक्ष्य को समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जोन इंजीनियर, सिएलटीसी, आर्किटेक्ट एवं सर्वेयर को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य करते हुए हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए कहा।
बैठक में आरआरसी से संबंधित 437 हितग्राहियों के प्रकरण तहसील कार्यालय को भेजे जाने की समीक्षा की गई। वहीं निर्माणाधीन आवासों से संबंधित हितग्राहियों को शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण कराने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा में PMAY-U 1.0 के लक्ष्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में नोडल अधिकारी श्री राजेश कुमार राम, सहायक अभियंता सहित सभी जोन इंजीनियर, सिएलटीसी, आर्किटेक्ट, सर्वेयर एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।