सेवा संकल्प अभियान स्मार्ट पीडीएस से आसान हुई राशनकार्ड बनाने की प्रक्रिया
मोहला, 17 सितंबर 2026/sns/- जिले में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जरूरतमंदों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी एवं सुगम तरीके से पहुंचाने की दिशा में डिजिटल सेवाओं का उपयोग लगातार बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में भारत सरकार की पहल के तहत लागू ‘स्मार्ट पीडीएस/सार्थक पीडीएस’ योजना के माध्यम से राशनकार्ड बनाने की प्रक्रिया को अधिक सरल एवं पारदर्शी बनाया गया है। योजना के अंतर्गत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले का पहला स्मार्ट राशनकार्ड मोहला निवासी श्री नवधर सिंह, पिता स्वर्गीय बरातू राम को जारी किया गया है। स्मार्ट पीडीएस योजना के माध्यम से अब हितग्राही राशनकार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के सिटीजन लॉगिन के माध्यम से घर बैठे आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। राशनकार्ड बनवाने के लिए परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, फोटो, मुखिया के बैंक खाते की छायाप्रति, भूमि संबंधी पटवारी प्रतिवेदन, आय प्रमाण पत्र तथा परिवार के संयुक्त फोटो सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होते हैं। दस्तावेजों की ऑनलाइन एंट्री के बाद राशनकार्ड में शामिल सभी सदस्यों का ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। ई-केवाईसी की प्रक्रिया नजदीकी शासकीय उचित मूल्य दुकान अथवा ‘मेरा ई-केवाईसी’ एप के माध्यम से पूरी की जा सकती है। कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम के निर्देशन में जिला खाद्य विभाग द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के फलस्वरूप श्री नवधर सिंह को प्राथमिकता श्रेणी का स्मार्ट राशनकार्ड जारी किया गया है। इस राशनकार्ड के माध्यम से उन्हें शासन की खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ मिलेगा। इसके तहत उन्हें प्रतिमाह 20 किलोग्राम निःशुल्क चावल, 1 किलोग्राम शक्कर, 2 किलोग्राम नमक एवं 2 किलोग्राम चना प्रदान किया जाएगा। स्मार्ट राशनकार्ड प्राप्त होने पर श्री नवधर सिंह के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने कहा कि राशनकार्ड मिलने से उन्हें शासन की खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ आसानी से मिल सकेगा। उन्होंने स्मार्ट पीडीएस योजना के माध्यम से राशनकार्ड बनाने की प्रक्रिया को सरल एवं सुविधाजनक बनाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।