सेवा संकल्प अभियान के तहत बरेला में चला स्वच्छता अभियान

मुंगेली, 18 सितंबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत बरेला में ‘स्वच्छता ही सेवा’ की भावना को जनभागीदारी से आगे बढ़ाते हुए विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत राम मंदिर परिसर एवं सेमरचुवा मोड़ के आसपास साफ-सफाई कर सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने का संदेश दिया गया। स्वच्छता अभियान में नगर पंचायत अध्यक्ष श्री नरेश पटेल सहित जनप्रतिनिधियों, नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों एवं नगरवासियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने मिलकर सार्वजनिक स्थलों की सफाई की और स्वच्छता के प्रति नागरिकों को जागरूक करने का संदेश दिया।
अभियान के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों ने सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष श्री पटेल ने कहा कि स्वच्छ नगर के निर्माण में केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। सामूहिक प्रयासों से नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाया जा सकता है। स्वच्छता अभियान में पार्षद प्रतिनिधि विजय दीवान, गजानंद निर्मलकर, पार्षद राजकुमार साहू, भगेला धुरी, संजय धुरी, एल्डरमैन राकेश बैस, नगर पंचायत सीएमओ सहित नगरवासी उपस्थित रहे।

About The Author