सेवा संकल्प अभियान में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मिलेगा मंच
मुंगेली, 18 सितंबर 2026/sns/- जिले में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के अंतर्गत शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, राष्ट्रभावना, सामाजिक सरोकार एवं विकसित भारत की कल्पना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न शालेय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिताओं में जिले के शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों के विद्यार्थी उत्साहपूर्वक सहभागिता करेंगे। अभियान के तहत विद्यार्थियों की अभिव्यक्ति के लिए ‘सेवा’ और ‘सपना’ विषय निर्धारित किए गए हैं। ‘सेवा’ विषय के अंतर्गत विगत 25 वर्षों की सेवा यात्रा से जुड़े स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, सेना का शौर्य, नया कश्मीर एवं नक्सलवाद जैसे विषयों पर विद्यार्थी अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत करेंगे। वहीं ‘सपना’ विषय के अंतर्गत सपनों का भारत, विकसित भारत 2047, नक्सल मुक्त भारत, महिला सशक्तिकरण एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रभाव जैसे विषयों को शामिल किया गया है। स्थानीय, जिला एवं राज्य स्तर पर किए गए कल्याणकारी कार्यों की उपलब्धियों को भी विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति का हिस्सा बनाया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज शाला स्तर पर ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित किया गया। 19 सितंबर को ड्राइंग प्रदर्शन एवं भाषण प्रतियोगिता के साथ पीटीएम का आयोजन होगा। इसके बाद 28 सितंबर को प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय स्तर की विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता, जबकि 01 अक्टूबर को हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालय स्तर की विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। सभी स्तरों की जिला स्तरीय प्रतियोगिता 03 अक्टूबर 2026 को होगी। प्रतियोगिताओं में प्रत्येक विद्यालय से विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता का अवसर दिया जाएगा। विकासखंड स्तर पर लगभग 500 विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। भाषण प्रतियोगिता से चयनित 5-5 प्रतिभागियों तथा ड्राइंग प्रतियोगिता से 20-20 उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। जिला स्तर पर चयनित विद्यार्थी आगे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।