आंगनबाड़ी केंद्रों में शुरू होगा ‘खिलौना बैंक’

मुंगेली, 18 सितंबर 2026/sns/ -घरों में बच्चों के बड़े हो जाने के बाद अनुपयोगी पड़े खिलौने अब दूसरे बच्चों के सीखने और खेलने के काम आएंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘खिलौना बैंक’ शुरू किया जा रहा है। इसके लिए 17 अक्टूबर तक एक माह का खिलौना संग्रह अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत नागरिक अपने घरों में रखे उपयोगी पुराने खिलौनों के साथ नए खिलौने भी आंगनबाड़ी केंद्रों में दान कर सकेंगे। आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, सृजनात्मक एवं संज्ञानात्मक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। एकत्रित किए गए खिलौनों का उपयोग बच्चों की उम्र एवं आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न खेल-आधारित गतिविधियों में किया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में पहले से ही ईसीसीई किट उपलब्ध कराई जाती है। अब खिलौना बैंक के माध्यम से इसमें समुदाय की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है। खिलौनों के जरिए बच्चों को खेल-खेल में सीखने, वस्तुओं को पहचानने, रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने तथा आपसी सहभागिता विकसित करने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने जिलेवासियों से अपने घरों में उपयोग में नहीं आ रहे स्वच्छ एवं उपयोगी खिलौनों को आंगनबाड़ी केंद्रों में दान करने की समझाइश दी है।

About The Author