सेवा संकल्प अभियान में मेरे सपनों का भारत पर भव्य चित्रकला का आयोजन
बीजापुर, 18 सितम्बर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला बीजापुर के 96 संकुलों के 800 से अधिक स्कूलों में मेरे सपनों का भारत विषय पर भव्य चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शासकीय अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाई एवं हाई स्कूल तथा आवासीय विद्यालयों के हजारों बच्चों ने उत्साह पूर्वक भाग लेते हुए केनवास पर 25 साल के सेवा कार्य सहित अपने सपनों, कल्पनाओं और विकसित भारत की परिकल्पनाओं को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।
17 सितम्बर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले भर में व्यापक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा अभियान अंतर्गत 18 एवं 19 सितम्बर को स्कूल स्तर पर ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। स्कूल स्तर से चयनित बच्चों को विकासखण्ड स्तर पर दिनांक 28 सितम्बर एवं 01 अक्टूबर को उक्त प्रतियोगिता में भागीदार होने का अवसर मिलेगा। विकासखण्ड स्तर पर 500 से ज्यादा प्रतिभागी एकसाथ ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता में शामिल होंगे। विकासखण्डों से चयनित प्रतिभागी 03 अक्टूबर को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होकर अपनी प्रतिभा का प्र्रदर्शन करेंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रत्येक विकासखण्ड से भाषण हेतु 05 एवं ड्राइंग हेतु 20 प्रतिभागी सम्मिलित होंगे। प्रतियोगिता में सेवा के 25 वर्ष अंतर्गत स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, सेना का शौर्य, नया कश्मीर एवं सपनों का भारत विकसित भारत 2047, नक्सलमुक्त भारत, महिला सशक्तिकरण तथा कृत्रिम बुद्धिमता का प्रभाव विषय शामिल किये गये।
कलेक्टर श्री विश्वदीप के निर्देश एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश पांडे के मार्गदर्शन में स्कूल स्तर पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी सोच और सपनों को रंगो के माध्यम से अभिव्यक्त किया। मेरे सपनों का भारत चित्र सेवा विषय पर बनाई गई रंग-बिरंगी कृतियां बच्चों की कल्पनाशीलता प्रतिभा और राष्ट्र के उज्जवल भविष्य के प्रति उनकी सोेच को प्रर्दशन करने में सफल रहे