विकसित बीजापुर की दिशा में प्रशासन ने बढ़ाया कदम, शहर के विकास का रोडमैप तैयार करने निकली
बीजापुर, 18 सितंबर 2026/sns/- बीजापुर शहर को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त विकसित बीजापुर के रूप में आकार देने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। शहर के समग्र विकास के लिए दीर्घकालिक रोडमैप तैयार करने कलेक्टर श्री विश्वदीप के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों का संयुक्त भ्रमण किया और विकास की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री उमेश प्रसाद गुप्ता, डीएफओ डॉ. सागर जाधव, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, एसडीएम बीजापुर श्री जागेश्वर कौशल सहित प्रशासनिक अमला, वार्ड पार्षद, जनप्रतिनिधि, व्यापारी संघ के पदाधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। भ्रमण के दौरान शहर की वर्तमान व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए आवश्यक अधोसंरचना, सौंदर्यीकरण, यातायात व्यवस्था, खेल सुविधाओं, पार्किंग, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर सुझाव लिए गए।
ज्ञानगुड़ी और स्पोर्ट्स एकेडमी में अधोसंरचना विकास पर जोर
अवलोकन की शुरुआत एजुकेशन सिटी ज्ञानगुड़ी से हुई। यहां मुख्य द्वार को आकर्षक बनाने, आवश्यक मरम्मत कार्य कराने तथा एक नए प्रतीक्षालय के निर्माण के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके बाद स्पोर्ट्स एकेडमी का निरीक्षण किया गया। यहां एथलेटिक्स ग्राउंड, दर्शक गैलरी, सड़क किनारे सौंदर्यीकरण के लिए वृक्षारोपण, कैंटीन, शौचालय सहित अन्य आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने के लिए स्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए।
प्रमुख स्थलों के विकास पर बनी सहमति
धनोरा चौक में जनप्रतिनिधियों की मांग पर स्वागत द्वार निर्माण के प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त की गई। वहीं लोहाडोंगरी को आकर्षक गार्डन एवं चौपाटी के रूप में विकसित करने की संभावना पर चर्चा हुई, जिसका उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया। जैतालूर मार्ग के किनारे स्थित पुराने पार्क को मैरिज हॉल एवं गार्डन के रूप में विकसित करने तथा तालाब के किनारे पाथवे निर्माण की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। मंगल भवन परिसर की व्यवस्थाओं एवं आवश्यक विकास कार्यों के संबंध में भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
बस स्टैंड और बाजार व्यवस्था को व्यवस्थित करने पर विशेष जोर
प्रशासनिक टीम ने पुराना बस स्टैंड, नया बस स्टैंड, मुक्तिधाम, महादेव तालाब, कोकड़ापारा स्टेडियम सहित विभिन्न स्थानों का अवलोकन किया। बासागार में टेनिस कोर्ट एवं बैडमिंटन जैसी खेल सुविधाओं का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुराने बस स्टैंड के सामने सब्जी विक्रेताओं के लिए व्यवस्थित एवं समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। वहीं नया बस स्टैंड में बसों के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग व्यवस्था, अतिक्रमण हटाकर दुकानों को व्यवस्थित करने, टैक्सी स्टैंड, पुलिस सहायता केंद्र सहित आवश्यक नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की गई।
साप्ताहिक बाजार को व्यवस्थित करने पर भी मंथन
शहर की स्वच्छता और बाजार व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से साप्ताहिक बाजार में संचालित चिकन एवं मटन बिक्री को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने शहर की साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक सुधारों पर चर्चा की।
जनभागीदारी से तैयार होगा विकसित बीजापुर का रोडमैप
शहर भ्रमण के दौरान प्रशासन ने विकास कार्यों को केवल विभागीय स्तर तक सीमित रखने के बजाय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और मीडिया प्रतिनिधियों सहित विभिन्न वर्गों के सुझावों को शामिल करने पर जोर दिया। सभी प्रमुख सुझावों और विकास की संभावनाओं पर आवश्यक बैठक आयोजित कर प्राथमिकताएं तय करने तथा चरणबद्ध तरीके से बीजापुर शहर के विकास का रोडमैप तैयार करने पर चर्चा हुई।
कलेक्टर श्री विश्वदीप ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए सभी पक्षों की सहभागिता आवश्यक है। शहर की आवश्यकताओं और स्थानीय सुझावों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों की प्राथमिकता तय कर समग्र योजना तैयार की जाएगी। प्रशासनिक टीम का यह संयुक्त भ्रमण “नक्सल मुक्त बीजापुर से विकसित बीजापुर” की दिशा में शहर के सुनियोजित विकास की पहल के रूप में देखा जा रहा है।