सेवा संकल्प अभियान और ‘स्वच्छता ही सेवा’ के तहत जिलेभर में चला स्वच्छता अभियान
कवर्धा, 19 सितंबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान एवं ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के अंतर्गत कबीरधाम जिले के चारों विकासखंड कवर्धा, सहसपुर लोहारा, पंडरिया और बोड़ला के ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, स्वच्छता दीदियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए श्रमदान किया। सार्वजनिक एवं शासकीय स्थलों की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
उड़ियाकला में जिला पंचायत सीईओ ने किया श्रमदान, सप्ताह में एक दिन स्वच्छता के लिए समय देने की अपील
जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा अंतर्गत ग्राम पंचायत उड़ियाकला के बाजार स्थल में स्वच्छता अभियान के तहत श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शिव कुमार साहू, जिला समन्वयक, जिला सलाहकार, विकासखंड समन्वयक, स्वच्छता दीदियां, स्व-सहायता समूह की महिलाएं एवं ग्रामीणजन शामिल हुए। जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल ने श्रमदान करते हुए ग्रामीणों को सप्ताह में कम से कम एक दिन अपने गांव और आसपास के सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के लिए श्रमदान करने प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन का आधार है। गंदगी से अनेक बीमारियां फैलती हैं, इसलिए सभी नागरिक अपने घर, गांव और आसपास के स्थानों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने ग्राम में संचालित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था की भी जानकारी ली और नियमित कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गांव-गांव में श्रमदान, सार्वजनिक स्थलों की हुई सफाई
‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में साप्ताहिक स्वच्छता अभियान चलाया गया। ग्राम पंचायत सिल्हाटी, बांधा और रेगाखारकला में ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने सार्वजनिक एवं शासकीय स्थलों की सफाई की। ग्राम पंचायत पलानसरी में भी स्वच्छता अभियान चलाकर आसपास के क्षेत्रों को साफ किया गया। इसी तरह ग्राम पंचायत कुई में स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत साफ-सफाई एवं श्रमदान किया गया। बोड़ला विकासखंड के ग्राम पंचायत ढोलबज्जा, खमरिया, ऊसरवाही, पेंडरीकला, झारियाकला, तालपुर, ढोरली, बोदाकला, रेहुटा खुर्द और बिरकोना सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
जनभागीदारी से स्वच्छता का संकल्प
अभियान के दौरान ग्रामीणों ने सार्वजनिक स्थानों, बाजार क्षेत्रों, पंचायत परिसरों और आसपास के स्थलों की साफ-सफाई की। लोगों को गीले एवं सूखे कचरे के उचित प्रबंधन, नियमित कचरा संग्रहण तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। सेवा संकल्प अभियान और ‘स्वच्छता ही सेवा’ के माध्यम से जिले में स्वच्छता के साथ जनभागीदारी और श्रमदान की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।