सुकमा में “स्वच्छता ही सेवा“ अभियान की गूंज, छात्राओं ने रंगों से उकेरा स्वच्छता का संदेश

सुकमा, 21 सितम्बर 2026/sns/- नगर पालिका परिषद सुकमा द्वारा “स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026“ और “सेवा संकल्प अभियान“ के तहत नगर में स्वच्छता की अलख जगाई जा रही है। इसी कड़ी में “स्वच्छ पाठशाला – युवा फॉर स्वच्छता“ थीम पर शासकीय कन्या शाला, सुकमा में एक दिवसीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूली छात्राओं ने अपनी तूलिका और रंगों के माध्यम से स्वच्छ विद्यालय, कचरा प्रबंधन, स्वच्छ पर्यावरण और निर्मल समाज की सुंदर परिकल्पना को कैनवास पर साकार किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लेकर यह साबित कर दिया कि स्वच्छता केवल एक दिन का काम नहीं, बल्कि जीवनशैली का अहम हिस्सा है। कार्यक्रम में उपस्थित नगर पालिका अधिकारियों एवं शिक्षकों ने छात्राओं को गीले और सूखे कचरे के सही पृथक्करण, विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने तथा दैनिक जीवन में सफाई के महत्व से अवगत कराया। इसका मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को स्वच्छता का संवाहक बनाकर एक जिम्मेदार और सजग नागरिक के रूप में तैयार करना रहा।
इधर रचनात्मकता के जरिए जागरूकता फैलाने के साथ ही जमीनी स्तर पर भी सघन सफाई अभियान छेड़ा गया। अभियान के अंतर्गत सुकमा बस स्टैंड परिसर और प्रमुख सार्वजनिक शौचालयों में विशेष सफाई अभियान चलाकर पूरे इलाके को चकाचौंध किया गया। नगर पालिका की टीम और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर बस स्टैंड के कोने-कोने से कचरा हटाकर सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने की एक मिसाल पेश की।
इस व्यापक अभियान के समापन पर उपस्थित नागरिकों, यात्रियों और स्थानीय दुकानदारों ने सार्वजनिक संपत्तियों को स्वच्छ रखने और अपने आसपास गंदगी न फैलने देने का सामूहिक संकल्प लिया। “स्वच्छ पाठशाला, स्वच्छ सुकमा“ के संकल्प के साथ नगर पालिका परिषद ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि जनभागीदारी और युवाओं के सक्रिय सहयोग से ही सुकमा को पूरी तरह स्वच्छ और आदर्श नगर बनाया जा सकता है।

About The Author