23 सितम्बर को मनाया जाएगा 11वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस

बीजापुर, 21 सितम्बर 2026/Sns/- जिले में 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का आयोजन 23 सितम्बर 2026, बुधवार को जिला आयुष कार्यालय एवं पॉलीक्लिनिक, तुमनार रोड, कोकड़ापारा, बीजापुर में किया जाएगा। इस अवसर पर निःशुल्क आयुर्वेद एवं होम्योपैथी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में विभिन्न बीमारियों की जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

शिविर में कास-प्रतिश्याय, ज्वर, विषम ज्वर, बाल रोग, मधुमेह, वात रोग, संधिवात, उदर रोग एवं अन्य जीर्ण रोगों का उपचार किया जाएगा। इसके साथ ही उच्च रक्तचाप, मधुमेह एवं मलेरिया सहित आवश्यक स्वास्थ्य जांच भी की जाएगी।

आयुर्वेद संगोष्ठी में स्वास्थ्य पर होगा संवाद

राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयुर्वेद संगोष्ठी का भी आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष की थीम “स्वास्थ्यवर्धक भविष्य के लिए आयुर्वेद” रखी गई है। संगोष्ठी में विषय विशेषज्ञों एवं बुद्धिजीवियों द्वारा उच्च रक्तचाप (Hypertension), मधुमेह (Diabetes) एवं स्थूलता (Obesity) जैसे प्रमुख स्वास्थ्य विषयों पर व्याख्यान एवं जानकारी दी जाएगी।

जिला आयुष विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाएं तथा आयुर्वेद के माध्यम से स्वस्थ एवं स्वास्थ्यवर्धक भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाएं।

About The Author