’सेवा संकल्प अभियान’ से सजी तेज कुमार साहू की आत्मनिर्भरता और समृद्धि की राह
दुर्ग, 21 सितंबर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित रिसाली नगर पालिक निगम के निवासी तेज कुमार साहू की जीवन यात्रा जन-कल्याण और निस्वार्थ सेवा के उस संकल्प को साकार करती है, जिसे केंद्र एवं राज्य शासन, सेवा के संकल्प के साथ धरातल पर उतार रही है। रिसाली बस्ती में शिवाजी चौक के पास झलक फैंसी स्टोर (ब्यूटी एवं फैशन एक्सेसरीज) का छोटा व्यवसाय चलाने वाले तेज कुमार जी लंबे समय से अपने काम को आगे बढ़ाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। उनकी इस कठिन राह को आसान बनाने और उन्हें शासकीय योजनाओं से सीधे जोड़ने का कार्य ’सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से संभव हुआ। तेज कुमार जी को ’प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि’ (पीएम स्वनिधि) योजना की संपूर्ण जानकारी मिली और त्वरित सहायता प्रदान की गई। सेवा के इसी समर्पित भाव से उन्हें कार्यशील पूंजी का ऋण बिना किसी परेशानी के स्वीकृत हुआ, जिसका उपयोग उन्होंने अपनी दुकान में सौंदर्य व फैशन एक्सेसरीज की नई सामग्री शामिल करने के लिए किया। शिवाजी चौक रिसाली बस्ती के पास झलक फैंसी स्टोर जैसी मुख्य जगह पर दुकान होने और बेहतर स्टॉक उपलब्ध होने से उनकी दैनिक आय में अभूतपूर्व वृद्धि हुई। शासन और प्रशासन द्वारा दी गई इस सुव्यवस्थित सेवा ने न केवल उनके व्यवसाय को नई गति दी, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी नई ऊंचाइयों पर पहुँचाया। आज तेज कुमार साहू का यह व्यवसाय उनके परिवार की आर्थिक मजबूती और स्वावलंबन का मुख्य स्तंभ बन चुका है। ’सेवा संकल्प अभियान’ के इस सार्थक प्रयास ने यह साबित कर दिया है कि जब जनकल्याणकारी योजनाएं सच्ची सेवा भावना के साथ आम जनता तक पहुँचती हैं, तो वे जीवन को पूरी तरह से संवार देती हैं।