सेवा संकल्प अभियान के तहत कोटछाल जलाशय में श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान

अम्बिकापुर, 21 सितम्बर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण, स्वच्छता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को जल संसाधन विभाग संभाग क्रमांक-1, अम्बिकापुर द्वारा कोटछाल जलाशय में श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों के साथ जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की

अभियान के दौरान कोटछाल जलाशय परिसर में सामूहिक श्रमदान कर साफ-सफाई की गई। उपस्थित लोगों ने जलाशय एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में योगदान दिया। साथ ही ग्रामीणों को जल स्त्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने और उनके संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण के महत्व पर भी चर्चा की गई। ग्रामीणों को बताया गया कि जलाशय स्थानीय स्तर पर जल उपलब्धता के महत्वपूर्ण स्रोत हैं। इनकी नियमित साफ-सफाई एवं संरक्षण में सामुदायिक सहभागिता आवश्यक है। जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने और जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने का संदेश भी दिया गया।

जनभागीदारी से जल संरक्षण और स्वच्छता का संकल्प
कार्यक्रम में जल संसाधन विभाग संभाग क्रमांक-1, अम्बिकापुर के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायत के सरपंच, पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने श्रमदान में सहभागिता करते हुए जलाशय को स्वच्छ एवं संरक्षित रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस गतिविधि का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से जल संसाधनों का संरक्षण, जलाशयों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखना तथा आमजन में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

About The Author