ग्राम पंचायतों में 02 अक्टूबर को होगा ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम

मुंगेली, 22 सितंबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने जिले में संचालित जल जीवन मिशन के अंतर्गत विभिन्न कार्ययोजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर श्री तोपनो ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों द्वारा किए जा रहे कार्यों का जनपद स्तर पर नियमित रूप से अवलोकन एवं निरीक्षण किया जाए तथा कार्यों की प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में जल जीवन मिशन के अधिकारियों द्वारा जिले में पूर्ण हो चुकी योजनाओं, विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत राशि भुगतान, जल अर्पण डिजिटल तथा पेयजल योजनाओं से संबंधित कार्यों की प्रगति एवं अनुपालन की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने आगामी 02 अक्टूबर को ग्राम पंचायतों में ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारियों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत स्तर पर जल जीवन मिशन की योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडे तिवारी, जी.एल. यादव, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author