कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक लेकर विभागीय कार्यों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की
मुंगेली, 22 सितंबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों, शासन की प्राथमिक योजनाओं तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आमजन से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने और शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क किनारे बैठे मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं और यातायात संबंधी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सड़क किनारे बैठे मवेशियों को हटाने तथा उनकी निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पशुपालकों को जागरूक करते हुए मवेशियों को खुले में सड़क पर नहीं छोड़ने के लिए अभियान चलाया जाए। साथ ही आवश्यकता के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी रखने और दुर्घटनाओं की आशंका वाले स्थानों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री तोपनो ने विद्युत विभाग से संबंधित प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए विद्युत व्यवस्था को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए तथा खराब ट्रांसफार्मर, विद्युत लाइन एवं अन्य तकनीकी समस्याओं की मरम्मत समय पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को मैदानी स्तर पर नियमित निरीक्षण एवं निगरानी करने तथा आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी से बचाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने 25 सितंबर को विकासखंड पथरिया के ग्राम सरगांव स्थित मदकूद्वीप में मुख्यमंत्री के संभावित दौरा कार्यक्रम को लेकर तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम को लेकर संबंधित अधिकारियों को विभागवार दायित्व सौंपते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर भूमि समतलीकरण, बैरिकेडिंग, मंच एवं बैठक व्यवस्था, लोकार्पण एवं भूमिपूजन से संबंधित तैयारियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, यातायात एवं पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने को कहा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और कार्यक्रम से संबंधित प्रत्येक व्यवस्था की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने प्रोटोकॉल का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थल एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने को कहा। उन्होंने सर्किट हाउस सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर साफ-सफाई, रख-रखाव एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में कलेक्टर ने सुशासन तिहार, मुख्यमंत्री जनदर्शन, सीएम हेल्पलाइन एवं समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों एवं आवेदनों का निराकरण केवल कागजी कार्यवाही तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि वास्तविक समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण करने तथा संबंधित आवेदकों को निराकरण की जानकारी देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों एवं विभागीय प्रगति की भी समीक्षा की। इस दौरान विकसित भारत, जाति प्रमाण पत्र, एग्रीस्टैक पोर्टल सहित अन्य महत्वपूर्ण पोर्टलों पर दर्ज प्रकरणों एवं प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने अधिकारियों को पोर्टल पर लंबित मामलों का समय पर निराकरण करने और डाटा को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री तोपनो ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा करें तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारी, तत्परता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, श्री जी.एल. यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।