कलेक्टर ने पशु विभाग की बैठक लेकर योजनाओं
मुंगेली, 22 सितंबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में पशुधन विकास विभाग की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक में जिला पशु कल्याण समिति द्वारा प्रस्तावित पंजीयन शुल्क, पशु चिकित्सा के लिए आवश्यक सामग्री एवं उपकरण, पशुओं में यूआईडी टैगिंग सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी ली गई। कलेक्टर श्री तोपनो ने जिले में पशुओं को उपलब्ध कराई जा रही दवाओं की जानकारी लेते हुए मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विभाग द्वारा की जा रही तैयारियों एवं उपचार व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने पशुओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी तथा आवश्यकतानुसार समय पर उपचार एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पशु विभाग के अधिकारियों द्वारा मुर्गियों को उल्टा लटकाकर परिवहन करने पर रोक लगाने, गौ अभ्यारण्य/गौ संरक्षण हेतु लगभग 50 एकड़ भूमि आवंटन की कार्यवाही, गोमुखती धाम के निर्माण हेतु भूमि आवंटन, पशु क्रूरता की रोकथाम, पशु गणना के लिए सर्वेक्षण एवं पंपलेट वितरण तथा मटन मार्केट निर्धारण सहित विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने पशु कल्याण एवं पशु चिकित्सा से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव सहित पशुधन विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।