सिपाही-गाड़ाघाट और चमारी पहुंच मार्ग की विशेष मरम्मत से आवागमन हुआ सुगम
मुंगेली, 22 सितंबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिले में ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को बेहतर बनाने और आमजन को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में लोक निर्माण विभाग द्वारा लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सिपाही से गाड़ाघाट मार्ग एवं चमारी पहुंच मार्ग की विशेष मरम्मत का कार्य पूर्ण किया गया है। दोनों मार्गों मरम्मत कार्य पर 99.58 लाख रुपये की लागत आई है। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि सिपाही से गाड़ाघाट मार्ग के 560 मीटर तथा चमारी पहुंच मार्ग के 560 मीटर हिस्से की विशेष मरम्मत की गई है। मार्ग की स्थिति खराब होने के कारण आमजन को आवागमन में होने वाली परेशानी को ध्यान में रखते हुए विशेष मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के साथ कराया गया।
मरम्मत कार्य पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को अब बेहतर एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। इन मार्गों से ग्रामीणों का आसपास के गांवों, बाजारों और आवश्यक सेवाओं तक आना-जाना आसान होगा। सड़क की बेहतर स्थिति से दैनिक आवागमन के साथ-साथ कृषि उपज एवं अन्य आवश्यक सामग्री के परिवहन में भी सुविधा मिलने की उम्मीद है। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में अच्छी सड़कें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सड़क संपर्क बेहतर होने से लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और शासकीय सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलती है। सिपाही-गाड़ाघाट एवं चमारी पहुंच मार्ग की विशेष मरम्मत से क्षेत्र में आवागमन के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिली है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा मार्ग की खराब स्थिति को देखते हुए विशेष मरम्मत मद के अंतर्गत प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। स्वीकृत कार्य को पूर्ण कर लिया गया है। विभाग द्वारा सड़क की गुणवत्ता एवं उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए आवश्यक मरम्मत कार्य कराया गया। क्षेत्र में सड़क सुविधा के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीणों को राहत मिलने के साथ विकास गतिविधियों को भी गति मिलेगी। बेहतर सड़क, सुगम आवागमन और मजबूत ग्रामीण संपर्क की दिशा में यह कार्य क्षेत्रवासियों के लिए उपयोगी साबित होगा। इस कार्य के लिए क्षेत्रवासियों ने छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग के मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया है।