निजी क्षेत्र के 384 पदों पर भर्ती के लिए जिला स्तरीय रोजगार मेला 23 सितंबर को

कवर्धा, 22 सितंबर 2026/sns/- जिले के शिक्षित एवं रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कबीरधाम द्वारा 23 सितंबर 2026, बुधवार को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेला प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जिला रोजगार कार्यालय परिसर, काली माता मंदिर के पास, ठाकुर पारा, कवर्धा में आयोजित होगा।
जिला रोजगार मेले में निजी क्षेत्र के विभिन्न नियोजकों द्वारा तकनीकी एवं गैर-तकनीकी श्रेणी के कुल 384 पदों पर भर्ती की जाएगी। रोजगार मेले में चन्द्रायन मोटर्स, रायपुर रोड कवर्धा, श्री श्याम ट्रेडर्स, शिक्षक कॉलोनी कवर्धा, स्वतंत्र माइक्रोफिन प्रा.लि., रायपुर, अश्र्व फाउंडेशन/सिक्यूरिटी एवं एचआर सर्विस प्रा.लि., रायपुर तथा प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन, अंजोरा, जिला दुर्ग द्वारा विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए आवेदकों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण से स्नातक एवं संबंधित तकनीकी योग्यता निर्धारित है। आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 25 हजार रुपये तक का वेतन प्रदान किया जाएगा। यह रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क है और निजी क्षेत्र में रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए आयोजित किया जा रहा है।
जिला रोजगार कार्यालय ने इच्छुक अभ्यर्थियों से रोजगार मेले में शामिल होने से पूर्व रोजगार पंजीयन एवं रोजगार मेला पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य रूप से कराने की अपील की है। पंजीयन के बाद अभ्यर्थी 23 सितंबर को अपने समस्त शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्रों की मूल प्रति तथा छायाप्रति के साथ उपस्थित होकर साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं। रिक्त पदों एवं भर्ती प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी के लिए विभागीय वेब पोर्टल पर उपलब्ध रोजगार मेले की जानकारी का अवलोकन किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय, कबीरधाम के दूरभाष क्रमांक 07741-299344 पर संपर्क किया जा सकता है।

About The Author