सेवा संकल्प अभियान के तहत 23 सितंबर को मोंगरा बैराज में होगा वृक्षारोपण एवं स्वच्छता कार्यक्रम

मोहला, 22 सितंबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मोहला वनमंडल द्वारा जनसहयोग एवं जनभागीदारी से समाजहित में सेवा कार्य का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम का आयोजन 23 सितंबर 2026 को मोंगरा बैराज उद्यान परिसर में सुबह 10 बजे से किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मोंगरा बैराज उद्यान परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट का संग्रहण कर उसका उचित निस्तारण किया जाएगा। इसके साथ ही चयनित स्थल पर करीब 500 पौधों का रोपण किया जाएगा। पौधरोपण के साथ पौधों की देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया जाएगा, ताकि क्षेत्र में हरियाली को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जा सके।
मोहला वनमंडल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना है। कार्यक्रम को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की भावना से भी जोड़ा गया है। वन विभाग ने नागरिकों से इस सेवा कार्य में सहभागी बनकर पर्यावरण एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की है।

About The Author