भानपुरी में सेवा संकल्प अभियान के तहत नदी घाट व जलस्रोतों पर हुआ वृहद श्रमदान
जगदलपुर, 23 सितम्बर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को ग्राम पंचायत भानपुरी में सेवा मेरा योगदान की भावना के साथ एक दिवसीय वृहद स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अमले और ग्रामीणों ने एकजुट होकर तालाब घाट एवं आसपास के प्रमुख जलस्रोतों की सघन सफाई की तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। अभियान के तहत नदी घाटों और जलस्रोतों के समीप फैले कचरे, अनुपयोगी प्लास्टिक व खरपतवार को हटाकर पूरे परिसर को स्वच्छ व व्यवस्थित बनाया गया। इस सामूहिक पहल का मुख्य उद्देश्य न केवल जलस्रोतों को प्रदूषण मुक्त रखना था, बल्कि जनमानस को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी रहा।
इस सेवा कार्य में जिला पंचायत बस्तर की अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, जनपद पंचायत बस्तर के अध्यक्ष श्री संतोष बघेल, जिला पंचायत सदस्य श्री निर्देश दीवान, विकास विस्तार अधिकारी श्री चंद्रशेखर जैन, स्वच्छ भारत मिशन के विकासखंड समन्वयक श्री विशाल दीवान और एनआरएलएम के क्षेत्रीय समन्वयक श्री पुरुषोत्तम दीवान विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही श्री चन्द्रशेखर पीददा, ग्राम पंचायत भानपुरी के सरपंच श्री गणेश कश्यप, उप सरपंच श्री गंगूराम कश्यप, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की दीदियाँ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों ने हाथों में झाड़ू और तगाड़ी थामकर पूरे उत्साह के साथ श्रमदान किया और जलस्रोतों को निरंतर स्वच्छ रखने का साझा संकल्प दोहराया।