सेवा संकल्प अभियान के तहत 24 सितंबर को कोतरी में कचरा पृथक्करण एवं कम्पोस्टिंग

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 सितंबर 2026/sn/s- सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सेवा मेरा योगदान के तहत 24 सितंबर को कोतरी में कचरा पृथक्करण एवं कम्पोस्टिंग तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरमकेला में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर शपद्मिनी भोई साहू ने संबंधित विभागों को आयोजन की आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कोतरी में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक कचरा पृथक्करण एवं कम्पोस्टिंग से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसमें ग्रामीणों को गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण, जैविक कचरे से कम्पोस्ट तैयार करने तथा स्वच्छता एवं अपशिष्ट के उचित प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जाएगा। जनपद पंचायत बरमकेला के अधिकारियों द्वारा आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं।
इसी तरह ‘सेवा, मेरा योगदान’ पहल के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरमकेला में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक स्वास्थ्य शिविर आयोजित होगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शिविर में नागरिकों की स्वास्थ्य जांच, आवश्यक परामर्श तथा विभागीय स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। आवश्यकता के अनुसार मरीजों को आगे की जांच एवं उपचार के लिए मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में स्वच्छता, स्वास्थ्य, जनजागरूकता और जनभागीदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को गांव से लेकर शहरी क्षेत्रों तक संचालित किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से इन आयोजनों में सहभागी बनकर ‘सेवा, मेरा योगदान’ की भावना को मजबूत करने की अपील की है।

About The Author