न्योता भोज से बच्चों के चेहरे पर खिला उत्साह
मुंगेली, 23 सितंबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय प्राथमिक शाला चकरभाठा, संकुल केंद्र चकरभाठा, विकासखंड मुंगेली में न्योता भोज एवं नवाचार गणवेश वितरण कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं आत्मीय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ पालकों, जनप्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं ग्रामवासियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम ने विद्यालय और समुदाय के बीच सहयोग एवं अपनत्व की भावना को और मजबूत किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नवाचार के तहत गणवेश का वितरण किया गया। नई गणवेश पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। अतिथियों ने बच्चों से संवाद करते हुए उनकी रुचियों एवं अनुभवों को जाना तथा उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन, स्वच्छता और अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री एम.एल.पटेल ने बताया कि गणवेश वितरण के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दूसरे चरण में सामूहिक न्योता भोज का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया। न्योता भोज के माध्यम से विद्यालय और समुदाय के बीच सहभागिता, सहयोग एवं अपनत्व की भावना को बढ़ावा मिला। सामूहिक भोज का वातावरण बच्चों के लिए आनंद और उत्साह से भरा रहा। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती विमित्रा घृतलहरे, क्षेत्रीय जनपद सदस्य श्रीमती मंदाकिनी दुबे साहू, ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती सूरजा बाई ठाकुर, संकुल प्राचार्य श्री एस.एल. पंकज, बीआरसी श्री एस.के. उपाध्याय, एबीईओ श्री प्रदीप कुमार वर्मा, संकुल समन्वयक श्री राजकमल तेजा, प्रधान पाठक श्री राजकुमार पैकरा सहित विद्यालय स्टॉफ मौजूद रहे।