सेवा संकल्प अभियान के तहत छीरपानी जलाशय का निरीक्षण

कवर्धा, 23 सितंबर 2026/sns/- जिले में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जल संसाधन विभाग द्वारा छीरपानी जलाशय का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कार्यपालन अभियंता द्वारा जलाशय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा उपस्थित ग्रामवासियों एवं पर्यटकों को बांध सुरक्षा एवं सावधानियों के संबंध में तकनीकी परामर्श प्रदान किया गया।
निरीक्षण के दौरान जलाशय की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी गई। उपस्थित ग्रामीणों एवं पर्यटकों को बांध क्षेत्र में सुरक्षा नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थानों पर ही आवागमन करने तथा जलाशय के संवेदनशील क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने के लिए समझाइश दी गई।
कार्यपालन अभियंता ने बताया कि जलाशय एवं बांध जैसी महत्वपूर्ण जल संरचनाओं की सुरक्षा में विभागीय निगरानी के साथ-साथ आमजन की जागरूकता और सहयोग भी आवश्यक है। ग्रामीणों एवं पर्यटकों से अपील की गई कि वे सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध स्थिति अथवा क्षति की जानकारी तत्काल संबंधित विभाग को दें। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की सेवाओं एवं तकनीकी जानकारी को आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ जनभागीदारी के माध्यम से सार्वजनिक एवं महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है।

About The Author