सेवा संकल्प अभियान के तहत बिहान समूह की महिलाओं ने नुक्कड़ नाटक के जरिए योजनाओं

बलौदाबाजार, 23 सितम्बर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न ग्रामों में बिहान समूह की महिलाएं नुक्कड़ नाटक एवं अन्य जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से केंद्र और राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजनों तक पहुंचा रही हैं। इसी क्रम में ग्राम अर्जुनी में बिहान समूह की महिलाओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिलाओं ने बताया कि बिहान जैसी पहल ने गांव की महिलाओं को समूह से जोड़कर आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर उपलब्ध कराए हैं। समूह से जुड़कर महिलाएं बचत, आजीविका गतिविधियों और विभिन्न स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। इससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है और वे परिवार के साथ-साथ गांव के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

महिलाओं ने अपने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से यह संदेश दिया कि आज ग्रामीण महिलाएं केवल चूल्हे-चौके तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समूह के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों से जुड़कर अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। बिहान समूहों ने महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता, स्वावलंबन और आगे बढ़ने के नए मार्ग प्रशस्त किए हैं।

नुक्कड़ नाटक में शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, महिलाओं के लिए उपलब्ध अवसरों तथा योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के संबंध में भी जानकारी दी गई।

सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

About The Author