सेवा संकल्प अभियान के तहत मोंगरा बैराज में हुआ वृहद वृक्षारोपण

मोहला, 23 सितंबर 2026/sn/s- कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री अनिल मानिकपुरी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शांति त्रिपुरे, नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्री पवन गुप्ता, पूर्व विधायक श्री संजीव शाह, जनप्रतिनिधि श्री दिलीप वर्मा सिंह, कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम, डीएफओ श्री अभिनव कुमार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, महाविद्यालय के विद्यार्थी, जिला स्तरीय अधिकारियों एवं नागरिकों ने सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया। इस दौरान मोंगरा बैराज परिसर में 500 से अधिक पौधे लगाए गए। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ हमारी भावनाओं और संस्कारों से जुड़ा हुआ अभियान है। मां के सम्मान और स्मृति में लगाया गया प्रत्येक पौधा हमारे लिए प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब हम लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाएं और उन्हें पेड़ बनने तक संरक्षित करें। सामूहिक जनभागीदारी से ही हम अपने जिले को हराभरा और पर्यावरण की दृष्टि से समृद्ध बना सकते हैं।
कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मोंगरा बैराज जैसे महत्वपूर्ण जलस्रोतों के आसपास वृक्षारोपण से हरित क्षेत्र का विस्तार होने के साथ पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि पौधा लगाने के साथ उसकी नियमित देखभाल को भी अपनी जिम्मेदारी समझें। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, बेहतर पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य की नींव बन सकता है।
मोंगरा बैराज परिसर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम के माध्यम से जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया गया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के माध्यम से लोगों को अपनी मां के सम्मान और स्मृति में पौधा लगाने तथा उसकी देखभाल कर उसे वृक्ष के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों को जल संरक्षण एवं स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। सभी ने जल के संरक्षण, जलस्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने तथा अपने आसपास स्वच्छ एवं हरित वातावरण विकसित करने का संकल्प लिया।

About The Author