सेवा संकल्प अभियान : जिले के 905 आंगनबाड़ी केन्द्रों में होगा ‘आंगन मिलन सेवा’ का आयोजन

मोहला, 23 सितंबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के सभी 905 आंगनबाड़ी केन्द्रों में 25 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक ‘आंगन मिलन सेवा’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केन्द्रों को समुदाय से जोड़ते हुए पोषण, स्वास्थ्य, मातृ-शिशु देखभाल एवं महिला कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है। ‘आंगन मिलन सेवा’ के दौरान ‘मेरी पौष्टिक थाली’, स्थानीय पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन, पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता, चित्रकला, रंगोली, मेहंदी एवं व्यंजन प्रतियोगिता सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, महिलाओं एवं बच्चों की स्वास्थ्य जांच तथा गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं के साथ मातृ संवाद भी किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के पात्र हितग्राहियों का पंजीयन तथा बच्चों के लिए पौष्टिक ‘न्योता भोज’ का आयोजन भी किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों एवं माताओं में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने के साथ शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग ने जिले के जनप्रतिनिधियों, माताओं, स्वयं सहायता समूहों एवं नागरिकों से ‘आंगन मिलन सेवा’ में सक्रिय सहभागिता कर जनभागीदारी का अभियान बनाने की अपील की है।

  • ‘घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा’ को मिलेगा बढ़ावा, उल्लेखनीय कार्य करने वाले होंगे सम्मानित

आंगनबाड़ी केन्द्रों में फलदार पौधों का रोपण करते हुए ‘घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा’ अभियान को प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही बच्चों के लिए खिलौने एवं खेल सामग्री दान करने तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों के विकास एवं कुपोषण मुक्ति के प्रयासों में समुदाय की भागीदारी बढ़ाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम में उल्लेखनीय योगदान देने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों एवं स्थानीय सहयोगियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

About The Author