सेवा की कहानीः रंग-बिरंगी दीवारों ने बढ़ाई बच्चों की रुचि
अम्बिकापुर, 24 सितम्बर 2026/sns/- नौनिहालों को बेहतर वातावरण, पोषण और प्रारंभिक सीखने की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में विकसित किए जा रहे मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन रहे हैं। नया भवन, रंग-बिरंगी दीवारें और बच्चों को आकर्षित करने वाले चित्र न केवल केंद्र को बाल-अनुकूल बना रहे हैं, बल्कि बच्चों में आंगनबाड़ी आने की रुचि भी बढ़ा रहे हैं। उदयपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत अड़हापारा रिखी का आंगनबाड़ी केंद्र इसका उदाहरण है, जहां नया मॉडल आंगनबाड़ी बनने के बाद बच्चों की उपस्थिति में बढ़ोतरी देखने को मिली है।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अपनी सेवा की कहानी साझा करते हुए आंगनबाड़ी केंद्र की सहायिका वंदना सिंह बताती हैं कि नए केंद्र ने बच्चों के लिए आंगनबाड़ी आने के अनुभव को और बेहतर बनाया है। दीवारों पर बनाए गए आकर्षक और रंग-बिरंगे चित्र बच्चों का ध्यान खींचते हैं। इन्हें देखकर बच्चों में केंद्र आने और यहां समय बिताने की रुचि बढ़ी है।
नए भवन के साथ बदला केंद्र का माहौल
वंदना सिंह ने बताया कि नया मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र बनने के बाद यहां का वातावरण पहले की तुलना में अधिक आकर्षक और बच्चों के अनुकूल हुआ है। दीवारों पर अलग-अलग चित्र और पेंटिंग बनाई गई हैं। छोटे बच्चे इन चित्रों को उत्सुकता से देखते हैं और इनके माध्यम से आसपास की चीजों को पहचानने तथा समझने का प्रयास करते हैं।
उन्होंने बताया कि नए भवन और आकर्षक परिवेश का असर बच्चों की उपस्थिति पर भी दिखाई दे रहा है। पहले की तुलना में अब अधिक बच्चे केंद्र पहुंच रहे हैं। बच्चों में आंगनबाड़ी आने को लेकर उत्साह बढ़ा है और वे नियमित रूप से केंद्र की गतिविधियों से जुड़ रहे हैं।
पौष्टिक आहार के साथ नौनिहालों की देखभाल
आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में वंदना सिंह बच्चों के लिए भोजन तैयार करने और उन्हें पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभाती हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र में निर्धारित साप्ताहिक मेन्यू के अनुसार बच्चों को सुबह नाश्ता दिया जाता है। इसमें दिन के अनुसार मीठा या नमकीन दलिया शामिल रहता है। इसके बाद बच्चों को दाल, चावल और सब्जी सहित भोजन दिया जाता है। सब्जियों और अन्य निर्धारित खाद्य सामग्री के माध्यम से बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराए जाते हैं।
इस तरह मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के लिए केवल देखभाल का स्थान न रहकर पोषण और प्रारंभिक सीखने के लिए अनुकूल केंद्र के रूप में विकसित हुआ है। एक ओर बच्चों को नियमित पौष्टिक आहार मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर आकर्षक वातावरण उन्हें केंद्र से जोड़ने में सहायक बन रहा है।
नौनिहालों के लिए बेहतर सुविधा से वंदना खुश
नए मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र से नौनिहालों को मिली सुविधाओं पर खुशी व्यक्त करते हुए वंदना सिंह ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नए आंगनबाड़ी केंद्र से बच्चों को बेहतर वातावरण मिला है और उनमें केंद्र आने की रुचि भी बढ़ी है।
अड़ाहापारा रिखी में आया यह बदलाव बताता है कि बेहतर आधारभूत सुविधाओं के साथ बाल-अनुकूल वातावरण और पोषण सेवाओं का समन्वय नौनिहालों को आंगनबाड़ी केंद्रों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।