27 सितंबर को होगी महा परीक्षा, 3500 नवसाक्षरों को साक्षर करने का लक्ष्य

सुकमा, 24 सितम्बर 2026/sns/- उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत जिले में 27 सितंबर 2026, रविवार को राष्ट्रव्यापी महापरीक्षा आयोजित की जाएगी। जिले को इस वर्ष 3500 शिक्षार्थियों को साक्षर करने का लक्ष्य दिया गया है। परीक्षा सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जिले के चिन्हांकित प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में बनाए गए 300 परीक्षा केंद्रों पर होगी। कलेक्टर श्री अमित कुमार ने जिलेवासियों से अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
महापरीक्षा में 15 वर्ष से अधिक उम्र के ऐसे शिक्षार्थी शामिल हो सकेंगे, जो शिक्षा की मुख्यधारा से बाहर हैं अथवा शाला त्याग चुके हैं। इसके अलावा उल्लास प्रवेशिका के तहत साक्षरता कक्षा में 200 घंटे का अध्ययन पूरा करने वाले नवसाक्षर भी परीक्षा दे सकेंगे। कलेक्टर श्री अमित कुमार ने जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी शिक्षकों, सार्थक दूतों, पंचायत सचिवों, कोटवारों और युवाओं से शिक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने में सहयोग करने का आह्वान किया है।
पुनर्वास केंद्र के 133 और जेल के 57 बंदी भी देंगे परीक्षा जिले में इस बार महापरीक्षा को विशेष बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अभिनव पहल की है। पुनर्वास केंद्र में रह रहे 133 शिक्षार्थी और जिला जेल सुकमा के 57 बंदी भी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रशासन की यह पहल शिक्षा के माध्यम से इन लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी एवं सदस्य सचिव, जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर अमित कुमार ने जिलेवासियों से अभियान में भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से सुकमा को पूर्ण साक्षरता की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।

About The Author