सुकमा वनमंडल में सागौन तस्करी के अंतर राज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़
सुकमा, 24 सितम्बर 2026/sns/- वनमंत्री छत्तीसगढ़ शासन श्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में वन संपदा की अवैध कटाई और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुकमा वनमंडल को बड़ी सफलता मिली है। डीएफओ श्री अक्षय भोंसले से प्राप्त जानकारी के अनुसार वन विभाग ने सागौन तस्करी से जुड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। कार्रवाई में कुल 193 नग सागौन चिरान, जिसकी मात्रा 3.647 घनमीटर और अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये है, जब्त किया गया है।
विश्वसनीय सूचना के आधार पर सुकमा वन परिक्षेत्र की टीम ने गादीरास पेट्रोल पंप के पास निगरानी के दौरान टाटा योद्धा पिकअप वाहन क्रमांक AP-39 TP 1508 को रोका। तलाशी में धान के भूसे से भरी बोरियों के नीचे छिपाकर रखे गए 99 नग सागौन चिरान (1.868 घनमीटर) बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में सागौन को राजामुंदरी, आंध्र प्रदेश ले जाने की जानकारी सामने आई। मामले में भारतीय वन अधिनियम, 1927 के तहत नागमुरली विशा और देवेंद्र कुमार के विरुद्ध पी.ओ.आर. दर्ज कर वाहन और एक OPPO मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
इसी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए वन विभाग ने मारोकी क्षेत्र में मड़कामी जोगा के घर से 94 नग सागौन चिरान, जिसकी मात्रा 1.779 घनमीटर है, बरामद किया। पूछताछ के दौरान तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और स्थानीय स्तर पर सहयोग करने वालों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात सामने आई है। वन विभाग अब सागौन की अवैध कटाई, संग्रहण, परिवहन और अंतरराज्यीय तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रहा है।
कार्रवाई में आईएफएस अधिकारी पारख सारदा के निर्देशन में वनपाल आर. घरत तथा वनरक्षक राजू सोड़ी, ईश्वर मौर्य और पवन सहारे सहित वन विभाग की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभाग ने दोनों मामलों में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सुकमा वनमंडल ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की अवैध कटाई और तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।