डॉ. वामन वासुदेव पाटणकर कन्या महाविद्यालय में कैरियर काउंसलिंग

दुर्ग, 24 सितम्बर 2026/sns/- प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्षाे के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ’सेवा मेरा योगदान’ के तहत आज शासकीय डॉ. वामन वासुदेव पाटणकर कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय दुर्ग में विशेष ’कैरियर काउंसलिंग एवं साइबर जागरूकता’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों ने महाविद्यालय की छात्राओं को संबोधित करते हुए उनका मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, विभिन्न करियर विकल्पों तथा तेजी से बदलते डिजिटल परिवेश में साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने पर विस्तार से चर्चा की। ग्रामीण विधायक व छ.ग.राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष श्री ललित चंद्राकर ने कहा कि ’आज के तकनीकी युग में सही मार्गदर्शन और साइबर जागरूकता ही युवाओं को सुरक्षित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भविष्य की ओर आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम में साइबर विशेषज्ञ और अधिकारियों ने छात्राओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए, वहीं करियर विशेषज्ञों ने उच्च शिक्षा के बाद उपलब्ध विभिन्न क्षेत्रों और संभावनाओं की जानकारी दी।
इस गरिमामय अवसर पर डीएसपी श्रीमती भारती मरकाम, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रंजना श्रीवास्तव, वरिष्ठ नागरिक श्री सुरेन्द्र कौशिक तथा साइबर क्राइम ऑफिसर श्री संकल्प राय एवं बड़ी संख्या में महाविद्यालय के छात्राएं उपस्थित थीं।

About The Author