सेवा के संकल्प से लगे सपनों को पंख

दुर्ग, 24 सितंबर 2026/‌sns/- समाज के प्रत्येक वर्ग विशेषकर दिव्यांगजनों को सुलभ और पारदर्शी तरीके से शासकीय योजनाओं से जोड़कर सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित ‘सेवा संकल्प’ अभियान दुर्ग जिले में अत्यंत प्रभावकारी सिद्ध हो रहा है। प्रशासनिक तत्परता और त्वरित सेवा वितरण व्यवस्था के माध्यम से जरूरतमंद नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड व जिला दुर्ग के ग्राम पंचायत करंजा-भिलाई (वार्ड क्रं. 16) निवासी 80 प्रतिशत अस्थि बाधित दिव्यांग श्री तोपसिंग साहू के जीवन में शासन की योजना ने आत्मनिर्भरता की नई किरण जगाई है।
श्री तोपसिंग साहू ने बताया कि वे अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए एक छोटा सा पान ठेला संचालित करते हैं। दिव्यांगता के कारण उन्हें अपनी दुकान तक आने-जाने में अत्यधिक कठिनाई का सामना करना पड़ता था और प्रतिदिन दूसरों की सहायता पर निर्भर रहना पड़ता था। सेवा संकल्प की मंशा के अनुरूप जब उन्हें समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित सहायक उपकरण प्रदाय योजना की जानकारी मिली, तो उन्होंने विभाग से संपर्क किया। जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें बैटरी चालित ट्रायसायकल प्रदान की गई। बैटरी चालित ट्रायसायकल मिलने के बाद तोपसिंग साहू की आवागमन संबंधी बड़ी समस्या दूर हो गई है। अब वे बिना किसी की सहायता के स्वयं ही अपनी दुकान तक आसानी से आ-जा रहे हैं, जिससे उनके समय की बचत हो रही है और व्यापार संचालन में भी सहूलियत आई है। पूर्ण रूप से आत्मनिर्भर बनकर अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्री तोपसिंग साहू ने इस सुगम व्यवस्था और त्वरित सहायता के लिए सरकार की संकल्प सेवा अभियान आधारित इस पहल की सरहना की और सहृदय आभार व्यक्त किया।

About The Author