बीजापुर ने रचा इतिहासः तेंदूपत्ता नीलामी में वर्षों की सर्वाधिक रिकॉर्ड दर

बीजापुर, 24 सितम्बर 2026/sns/- वर्ष 2026 के तेंदूपत्ता संग्रहण एवं नीलामी में बीजापुर वनमंडल एवं जिला यूनियन ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। शासन की नवीन तेंदूपत्ता नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, तेंदूपत्ता संग्राहकों की मेहनत तथा वन विभाग की सतत निगरानी और गुणवत्तापूर्ण संग्रहण के परिणामस्वरूप इस वर्ष विभागीय संग्रहित तेंदूपत्ता की नीलामी में रिकॉर्ड दर प्राप्त हुई है। यह उपलब्धि पिछले कई वर्षों में बीजापुर के लिए तेंदूपत्ता कारोबार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है।

व्यापारियों ने जताया बीजापुर के तेंदूपत्ता की गुणवत्ता पर भरोसा- जिला यूनियन बीजापुर की 28 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के अंतर्गत 45 तेंदूपत्ता लॉटों में विभागीय संग्रहण कार्य कराया गया। छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ, रायपुर द्वारा आयोजित निविदा प्रक्रिया में तेंदूपत्ता व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिले के 45 तेंदूपत्ता लॉटों में से 36 लॉटों के लिए निविदाएं प्राप्त हुईं। यह बीजापुर के तेंदूपत्ता की उत्कृष्ट गुणवत्ता और प्रभावी प्रबंधन को दर्शाता है।

नीलामी में प्राप्त दरों का विवरण – 04 तेंदूपत्ता लॉटों के लिए ₹10,000 प्रति मानक बोरा से अधिक की दर प्राप्त हुई। 08 तेंदूपत्ता लॉटों के लिए ₹9,000 प्रति मानक बोरा से अधिक की दर प्राप्त हुई। 04 तेंदूपत्ता लॉटों के लिए ₹8,000 प्रति मानक बोरा से अधिक की दर प्राप्त हुई। 10 तेंदूपत्ता लॉटों के लिए ₹7,000 प्रति मानक बोरा से अधिक की दर प्राप्त हुई। 10 तेंदूपत्ता लॉटों के लिए ₹6,000 तक प्रति मानक बोरा की दर प्राप्त हुई।

संग्राहकों को मिलेगा बोनस और विभिन्न योजनाओं का लाभ- वन विभाग द्वारा तेंदूपत्ता संग्रहण से लेकर उपचारण, भंडारण एवं नीलामी तक प्रत्येक चरण में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके परिणामस्वरूप तेंदूपत्ता के लिए बेहतर मूल्य प्राप्त हुआ और हजारों तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों को सीधे आर्थिक लाभ मिला। संग्राहकों को संग्रहण पारिश्रमिक के साथ आगामी समय में बोनस का लाभ भी प्राप्त होगा। इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, जिनमें बीमा एवं छात्रवृत्ति जैसी योजनाएं शामिल हैं, का लाभ भी पात्र संग्राहकों को मिलता है।

सामूहिक प्रयासों से मिली बड़ी सफलता-यह उपलब्धि वन विभाग, प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों और स्थानीय तेंदूपत्ता संग्राहकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। गुणवत्तापूर्ण संग्रहण, बेहतर प्रबंधन और पारदर्शी नीलामी व्यवस्था ने बीजापुर के तेंदूपत्ता को बेहतर बाजार मूल्य दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

विभागीय संग्रहण की प्रमुख उपलब्धियां- 45 तेंदूपत्ता लॉटों में विभागीय संग्रहण, 36 लॉटों के लिए निविदाएं प्राप्त, 04 लॉटों को ₹10,000 प्रति मानक बोरा से अधिक की रिकॉर्ड दर, हजारों संग्राहक परिवारों को सीधा आर्थिक लाभ, गुणवत्तापूर्ण संग्रहण से बीजापुर के तेंदूपत्ता को नई पहचान, संग्राहकों को आगामी समय में बोनस का लाभ, बीमा एवं छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं से लाभान्वित होने का अवसर प्राप्त होगा।

About The Author