सेवा संकल्प अभियान के तहत योग एवं ध्यान सत्र में 500 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
मोहला, 24 सितंबर 2026/sns/- ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिला प्रशासन, समाज कल्याण एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आज वन धन केंद्र, मोहला एवं टाउन हॉल, अंबागढ़ चौकी में योग एवं ध्यान सत्र का आयोजन किया गया। जिसमें 500 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम के निर्देशन में जिला मुख्यालय के वन धन केद्र में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों के लगभग 300 नागरिकों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रातः 6:30 बजे से आयोजित योग एवं ध्यान सत्र में योग ज्योति संस्थान, रायपुर की योग प्रशिक्षक डॉ. ज्योति साहू ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने नियमित योग एवं ध्यान को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह ने कहा कि योग हमारी भारतीय संस्कृति और जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। नियमित योग से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य, सेवा और सामाजिक सहभागिता से जोड़ने का यह प्रयास सराहनीय है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल किसी एक गतिविधि तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों में सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना है। योग और ध्यान स्वस्थ शरीर के साथ स्वस्थ एवं सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। जब नागरिक स्वस्थ रहेंगे और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझेंगे, तभी सेवा संकल्प की भावना और अधिक मजबूत होगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह ने कहा कि “नियमित योग एवं ध्यान से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक एकाग्रता और अनुशासन को भी बढ़ावा मिलता है। समाज के प्रत्येक वर्ग की सकारात्मक भागीदारी से सेवा और जनकल्याण के प्रयासों को नई ऊर्जा मिलती है।”
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का सामूहिक अभ्यास किया। आयोजन का उद्देश्य नागरिकों में योग एवं ध्यान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना तथा सेवा एवं जनभागीदारी की भावना को सशक्त करना रहा। कार्यक्रम मे अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे, एसडीएम श्री हेमेंद्र भुआर्य सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, स्कूली विद्यार्थी, आम नागरिक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।