सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्वास्थ्य केंद्र में मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित
मोहला, 25 सितंबर 2026/sns/-सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज जिला स्वास्थ्य केंद्र, जिला मुख्यालय स्थित मोहला में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं एवं सेवाओं को आम नागरिकों तक सहज, सरल एवं प्रभावी रूप से पहुंचाना, लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा समय पर स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना रहा। शिविर के माध्यम से स्वस्थ समाज के निर्माण, निरोगी जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा जरूरतमंद लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
मेगा स्वास्थ्य शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों से संबंधित स्टॉल लगाए गए। इनमें अंगदान एवं नेत्रदान, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, टीबी मुक्त भारत अभियान, स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी नागरिकों को प्रदान की गई। विभागीय अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा आम नागरिकों को शासन की स्वास्थ्य योजनाओं, बीमारियों से बचाव, समय पर जांच तथा उपचार के महत्व के संबंध में जानकारी दी गई।
शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसमें ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, सामान्य स्वास्थ्य जांच सहित आवश्यकतानुसार विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने नागरिकों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुना तथा आवश्यक परामर्श प्रदान किया। लोगों, को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित आहार लेने, स्वच्छता बनाए रखने तथा बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को भी अपनी सफलता की कहानी साझा करने का अवसर मिला। “मेरी कहानी, मेरी जुबानी” के माध्यम से हितग्राहियों ने बताया कि किस प्रकार शासन की स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं से उन्हें उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी सहायता प्राप्त हुई। इससे उपस्थित नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरणा मिली।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस मेगा स्वास्थ्य शिविर में शासन की जनकल्याणकारी एवं सुशासन की नीति की झलक देखने को मिली। स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ जागरूकता, योजनाओं की जानकारी, हितग्राही लाभ, सम्मान एवं सहायक उपकरण वितरण जैसी गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को शासन की योजनाओं से सीधे जोड़ने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि के रूप में श्री दिलीप वर्मा शामिल हुए। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य श्री नरसिंह भंडारी, सरपंच श्री गजेंद्र पुरामें, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री उज्जवल पोरवाल, अपर कलेक्टर श्री मिथिलेश डोंडे, एसडीएम श्री अमित नाथ योगी सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
- उत्कृष्ट कार्य करने वाली मितानिनों का सम्मान
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली मितानिनों का सम्मान किया गया। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने, गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देने में मितानिनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया। इस अवसर पर निश्चय मित्र के माध्यम से टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने की पहल भी की गई। जरूरतमंद मरीजों के स्वास्थ्य एवं पोषण को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पोषण आहार का वितरण किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से टीबी उन्मूलन अभियान में सामुदायिक सहभागिता एवं सहयोग का संदेश भी दिया गया।
- आयुष्मान कार्ड का वितरण, बुजुर्गों को सहायक उपकरण प्रदान
शिविर में पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया। उपस्थित नागरिकों को आयुष्मान योजना के माध्यम से उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं उपचार संबंधी लाभों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही बुजुर्ग हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण के रूप में छड़ी प्रदान की गई। इस पहल से बुजुर्गों को दैनिक जीवन में सहूलियत प्रदान करने के साथ उन्हें सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन के लिए सहयोग देने का संदेश दिया गया।